Amethi Seat: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर अमेठी आये पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सिर्फ अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने राहुल गांधी की न्याय यात्रा को फ्लाप शो बताते हुए दावा किया कि आज खुद कांग्रेस के कार्यकर्ता ही राहुल गांधी की यात्रा में शामिल नहीं हुए, ऐसे में सवाल यह है कि जिसे खुद सहारे की जरूरत है, वह दूसरों के लिए सहारा कैसे बन सकता है।
राहुल गांधी पर स्मृति ईरानी का निशाना
अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के चार दिन के दौरे पर आयीं ईरानी ने संवाददाताओं से बातचीत में राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- ''राहुल गांधी आज अमेठी यात्रा लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने अमेठी को सत्ता का केंद्र तो माना मगर उसकी सेवा नहीं की। यही कारण है कि उनका स्वागत अमेठी की सूनी सड़कों ने किया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी की यात्रा में हिस्सा नहीं लिया। यही वजह है कि कांग्रेस को सुलतानपुर और प्रतापगढ से कार्यकर्ता बुलाने पड़े। जिसे खुद सहारे की जरूरत है वह आखिर दूसरों का सहारा कैसे बन सकता है।''
स्मृति ईरानी ने दी चुनौती
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल को अमेठी से पराजित करने वाली ईरानी ने उन्हें सिर्फ अमेठी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा- ''मैं राहुल गांधी को चुनौती देती हूं कि वह केवल अमेठी लोकसभा सीट से ही चुनाव लड़कर दिखायें।"
राहुल गांधी को हरा चुकी है स्मृति ईरानी
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार ईरानी ने 2004 से 2019 तक तक अमेठी से सांसद रहे राहुल गांधी को पराजित किया था। हालांकि राहुल ने केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था जहां से उन्होंने जीत हासिल की थी।
