Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी ने आखिरी दांव चल दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कांग्रेस को 17 सीटों का ऑफर दिया है। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए सपा की ओर से यह अंतिम ऑफर है। अगर इस पर सहमति नहीं बनती है तो अखिलेश यादव कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं होंगे।
बता दें, सोमवार को मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि वह मंगलवार को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में तभी शामिल होंगे, जब सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज रायबरेली में होगी, जिस में अखिलेश यादव के शामिल होने को लेकर अभी तक संशय बरकरार है।
इन दो सीटों की मांग कर रही कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक, आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मुरादाबाद और बलिया जैसी सीटें चाहती है, जिस पर अभी चर्चा चल रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने मुरादाबाद सीट पर जीत हासिल की थी। वहीं, मुरादाबाद मेयर के चुनाव में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही और कुछ हजार वोटों से हार गई थी। वहीं, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली बलिया सीट की भी मांग रखी है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के लिए इस सीट की मांग कर रही है।
कांग्रेस ने सौंपी 28 सीटों की सूची
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 28 सीटों की सूची दी है। इनमें से 10 सीटों पर मुस्लिम आबादी की संख्या अधिक है। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच कितनी सीटों पर सहमति बन रही है, इस पर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच, समाजवादी पार्टी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए 11 अन्य सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे पहले सपा ने 30 जनवरी को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें 16 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे।
