इलेक्शन

25 हजार रुपये के सिक्के लेकर डीएम कार्यालय पहुंचा चुनाव उम्मीदवार, किया जमानत राशि का भुगतान

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 21, 2024, 06:46 AM IST

मध्य प्रदेश के जबलपुर में चुनावी उम्मीदवार ने 10 रुपये, पांच रुपये और दो रुपये के सिक्कों में सुरक्षा जमा के रूप में 25,000 रुपये का भुगतान किया है।

Image

लोकसभा चुनाव 2024

Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की योजना बना रहा जबलपुर का एक निवासी बुधवार को नामांकन फॉर्म प्राप्त करते समय सुरक्षा जमा के रूप में भुगतान के लिए 25,000 रुपये के सिक्के लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में विनय चक्रवर्ती जबलपुर में चुनाव मैदान में उतरना चाहते हैं। उन्होंने 10 रुपये, पांच रुपये और दो रुपये के सिक्कों में सुरक्षा जमा के रूप में 25,000 रुपये का भुगतान किया है।

10, पांच और दो रुपये के सिक्कों में भुगतान

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैंने 10 रुपये, पांच रुपये और दो रुपये के सिक्कों में 25,000 रुपये का भुगतान किया। चक्रवर्ती ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय में डिजिटल या ऑनलाइन तरीक से भुगतान करने की कोई सुविधा नहीं थी इसलिए उन्होंने सिक्कों में राशि का भुगतान किया जो उनके पास उपलब्ध थे। उन्होंने कहा कि मैं एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं।

जबलपुर जिले के रिटर्निंग अधिकारी और जिलाधिकारी दीपक कुमार सक्सेना ने संवाददाताओं को बताया कि संभावित उम्मीदवार द्वारा सिक्कों में किया गया भुगतान प्राप्त कर लिया गया और उसकी रसीद उन्हें दे दी गई। पहले चरण के लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार 20 मार्च से शुरू हो गई। मध्य प्रदेश की आधा दर्जन सीट पर 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।

चार चरणों में मतदान

मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटों के लिए चार चरणों में मतदान होगा। मध्य प्रदेश में पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल, दूसरे चरण का मतदान 16 अप्रैल, तीसरे चरण का मतदान 7 मई और चौथे चरण का मतदान 13 मई को होगा। पहले चरण में लोकसभा की छह सीटों, दूसरे चरण में सात सीटों, तीसरे और चौथे चरण में आठ-आठ सीटों पर मतदान होगा। इन सभी सीटों के चुनाव नतीजे 4 जून को आएंगे। राज्य में मुख्य चुनाव मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है।

पहले चरण का चुनाव , 19 अप्रैल

मध्य प्रदेश में पहले चरण में 19 अप्रैल को 6 सीटों पर मतदान होगा। नामांकन 27 मार्च 2024 तक दाखिल किया जा सकता है। नामांकन पत्रों की जांच- 28 मार्च को होगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि- 30 मार्च 2024 है। मतदान की तारीख- 19 अप्रैल और मतगणना 4 जून को है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article