इलेक्शन

Lok Sabha Election-2024:'अगले साल की शुरुआत तक कांग्रेस का ये बड़ा नेता BJP में होगा शामिल', असम के CM सरमा का दावा

Lok Sabha Election-2024: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि कांग्रेस के भूपेन कुमार बोरा अगले साल की शुरुआत में बीजेपी में शामिल होंगे। सरमा ने कांग्रेस को भाजपा का फिक्स्ड डिपॉजिट करार देते हुए दावा किया कि जब भी जरूरत होती है हम उन्हें ले आते हैं।

Image

असम के CM सरमा का बड़ा दावा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lok Sabha Election-2024: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके समर्थकों का भविष्य अंधकार में है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा अगले साल की शुरुआत तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो जाएंगे। बहरहाल, बोरा ने मुख्यमंत्री के दावे को मंगलवार को खारिज कर दिया और कहा कि शर्मा वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ‘माइंड गेम’ खेल रहे हैं। शर्मा ने कांग्रेस को भाजपा का फिक्स्ड डिपोजिट बताया जहां से वह जरूरत पड़ने पर सदस्यों को ले लेती है। बोरा ने पूछा कि ‘मैं पूछना चाहता हूं कि मुझे भाजपा में शामिल क्यों होना चाहिए? अगर मैं शामिल हो जाता हूं तो क्या वर्षों से अनुसूचित जनजाति का दर्जा मांग रहे छह समुदायों को यह मिल जाएगा? क्या नयी नौकरियां सृजित होंगी? क्या भूमिहीन स्वदेशी परिवारों को भूमि अधिकार मिल जाएंगे?’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री ‘माइंड गेम’ खेल रहे हैं। जब भी हम ज्वलंत मुद्दों पर बात करते हैं तो वह ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं क्योंकि उनके पास कोई समाधान नहीं है। लेकिन कांग्रेस ऐसे ‘माइंड गेम्स’ के जाल में नहीं फंसेगी।’

फरवरी 2025 तक भूपेन बोरा भाजपा में होंगे शामिल- सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा ने सोमवार शाम को सोनितपुर निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार रंजीत दत्ता के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ‘मैं कह सकता हूं कि जनवरी-फरवरी 2025 तक भूपेन बोरा भाजपा में शामिल होंगे। मैंने उनके लिए दो निर्वाचन क्षेत्र तैयार रखे हैं, हालांकि अभी उनका नाम नहीं बताऊंगा।’ विपक्षी दल कांग्रेस को भाजपा का ‘फिक्स्ड डिपोजिट’ बताते हुए सरमा ने दावा कि ‘जब भी जरूरत होती है, हम उन्हें ले आते हैं।’ सरमा ने कहा कि कांग्रेस के लिए वोट करने का मतलब राहुल गांधी के लिए वोट करना है और भाजपा के लिए वोट करने का मतलब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए वोट करना है।

BJP असम की कुल 14 में से 11 सीटों पर लड़ रही चुनाव

असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा ने दावा किया कि ‘जो लोग मोदी को प्यार करते हैं और भारत को विश्व गुरु बनाना चाहते हैं, वे भाजपा के लिए वोट करेंगे। राहुल गांधी का भविष्य अंधकार में है, उनके समर्थकों का भविष्य भी अंधकार में है।’ उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर वह सोनितपुर में कांग्रेस उम्मीदवार को फोन करते हैं तो वह भी भाजपा में शामिल हो जाएंगे। सरमा ने कहा कि ‘यहां से चुनाव लड़ रहे व्यक्ति को अगर मैं फोन करूं तो वह तुरंत हमारे खेमे में शामिल हो जाएंगे लेकिन मैं चुनाव के बाद फोन करूंगा। हम नहीं चाहते कि वह नामांकन वापस लें क्योंकि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को लोगों का समर्थन दिखाना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा कि ‘हनुमान ने अपना सीना चीरकर प्यार दिखाया था। कलयुग में हमें वोटों के जरिए प्यार दिखाना होगा।’

बता दें, कांग्रेस ने मौजूदा विधायक रंजीत दत्ता के खिलाफ प्रदेश पार्टी महासचिव प्रेमलाल गंजू को उम्मीदवार बनाया है। दत्ता राज्य के पूर्व मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष भी हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। भाजपा असम की कुल 14 में से 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसने दो सीटें असम गण परिषद (AGP) और एक सीट यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के लिए छोड़ दी है। भाजपा के, निवर्तमान लोकसभा में असम से नौ सांसद हैं जबकि उसके गठबंधन के सहयोगी दलों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article