LIVE

Chunav Result 2023: 'इस हैट्रिक ने दे दी 2024 की हैट्रिक की गारंटी', भाजपा की जीत पर बोले पीएम मोदी; जानें चुनावी नतीजों से जुड़ी बड़ी बातें

अभिषेक गुप्ताUpdated Dec 4, 2023, 00:29 IST

Rajasthan MP Chhattisgarh Telangana Mizoram Vidhan Sabha Election Chunav Result 2023 LIVE
Chunav Result 2023: 'इस हैट्रिक ने दे दी 2024 की हैट्रिक की गारंटी', भाजपा की जीत पर बोले पीएम मोदी; जानें चुनावी नतीजों से जुड़ी बड़ी बातें

Chunav Result 2023, Rajasthan, MP, Chhattisgarh Election/Chunav Result 2023 Updates: चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम में कांग्रेस को तीन राज्यों में करारी हार झेलनी पड़ी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का जलवा देखने को मिला, भगवा पार्टी ने छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस को चारो खाने चित कर दिया है। हालांकि, तेलंगाना में कांग्रेस केसीआर के नेतृत्व वाली बीआरएस को पछाड़ते हुए पूर्ण बहुमत हासिल कर ली है। मध्य प्रदेश में 164 सीटों पर बीजेपी का दम देखने को मिला, कांग्रेस 65 सीट और अन्य एक सीट पर बढ़त बनाई। राजस्थान में बीजेपी के खाते में 115 सीटें गई, कांग्रेस ने 69 सीटों पर और अन्य ने 15 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं छत्तीसगढ़ में बीजेपी 54 सीट, कांग्रेस 35 सीट और अन्य ने एक सीट पर जीत हासिल की। वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस 64 सीटों पर, बीएचआरएस 39 सीटों पर, भाजपा ने 8 सीटों पर, एआईएमआईएम ने 8 सीटों पर और अन्य ने एक पर जीत दर्ज की है।

DEC 03, 2023 21:10 IST

मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं रेवंत रेड्डी

DEC 03, 2023 21:03 IST

विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर क्या बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व करार दिया और कहा कि यह जीत विकसित भारत के आह्वान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की जीत है। प्रधानमंत्री चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में नतीजे आने के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ के नारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा, 'आज की विजय ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। आज सबका साथ, सबका विकास की भावना जीती है। आज विकसित भारत के आह्वान की जीत हुई है। आज आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की जीत हुई है। आज वंचितों को वरीयता के विचार की जीत हुई है। आज भारत के विकास के लिए राज्यों के विकास के सोच की जीत हुई है। आज ईमानदारी, पारदर्शिता और सुशासन की जीत हुई है।' सभी चुनावी राज्यों के मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोगों ने भाजपा पर भरपूर विश्वास दिखाया है, तो तेलंगाना में भी भाजपा के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
DEC 03, 2023 21:02 IST

चुनावी नतीजों पर क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी?

विधानसभा चुनावों में जीत के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब भी विकास होता है कांग्रेस और उसके साथी विरोध करते हैं। ऐसी सभी पार्टियों को आज गरीबों ने चेतावनी दी है कि सुधर जाइए वर्ना जनता आपको चुन चुनकर साफ कर देगी। पढ़िए पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें
DEC 03, 2023 19:35 IST

जीत के बाद जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के नेतृत्व का किया गुणगान

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, "इस चुनाव के नतीजों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देश ने समझ लिया है कि अगर कोई गांव को कोई मज़बूती दे सकता है तो वह PM नरेंद्र मोदी हैं। इन नतीजों ने संदेश दिया है कि गरीब, पिछड़े, अनुसूचित जाति, जनजाति को कोई सम्मान दे सकता है तो वह प्रधानमंत्री मोदी हैं।" जे.पी. नड्डा ने कहा, "भाजपा जब भी कोई चुनाव लड़ती है चाहे राज्य का चुनाव हो या देश का चुनाव हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा नेतृत्व को संभाला है और उस चैलेंज को स्वीकार किया है।"
DEC 03, 2023 18:54 IST

सीएम अशोक गहलोत ने राज्यपाल कलराज मिश्र को सौंपा त्यागपत्र

DEC 03, 2023 18:38 IST

भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस विधायक मलिंगा हारे

भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा चुनाव हार गए हैं। राजस्थान के बाड़ी विधानसभा सीट पर मलिंगा को बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार जसवंत सिंह गुर्जर से 27424 मतों के अंतर से पराजित किया । गुर्जर को 106060 मत प्राप्त हुये और उन्हें विजेता घोषित किया गया। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस द्वारा बाड़ी सीट के लिए टिकट की घोषणा किए जाने से कुछ समय पहले ही मलिंगा बीजेपी में शामिल हो गये थे । पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया था। मलिंगा पर बाड़ी में बिजली विभाग के एक दलित इंजीनियर की पिटाई करने का आरोप है जो एक साल से बिस्तर पर है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के विभिन्न नेताओं एवं दलित संगठनों ने मलिंगा को टिकट देने की आलोचना की थी। इसी तरह कांग्रेस की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा भी भाजपा में शामिल होकर नागौर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। ज्योति कांग्रेस प्रत्याशी हरेंद्र मिर्धा से 13970 वोटों से पीछे चल रही हैं।
DEC 03, 2023 18:36 IST

भाजपा नेता और उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया चुनाव हारे

उपनेता प्रतिपक्ष और भाजपा उम्मीदवार सतीश पूनिया आमेर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रशांत शर्मा से 9092 मतों के अंतर से हार गये। शर्मा को 108914 वोट मिले जबकि पूनिया को 99822 वोट मिले। पूनिया पूर्व में राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।
DEC 03, 2023 18:30 IST

2003 में तीन राज्यों में हार के बाद लोकसभा चुनाव 2004 जीती थी कांग्रेस

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी की हार के बाद रविवार को कहा कि वर्ष 2003 में भी उनके दल को इसी तरह हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2004 के लोकसभा चुनाव में वह केंद्र में सरकार बनाने में सफल रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विश्वास, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी करेगी। रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'ठीक 20 साल पहले भी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में हुए विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त हमें सिर्फ़ दिल्ली में जीत मिली थी। लेकिन कुछ ही महीनों में ज़ोरदार ढंग से वापसी करते हुए कांग्रेस लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और केंद्र में सरकार बनाई।' उन्होंने कहा, 'आशा, विश्वास, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों के लिए तैयारी करेगी।जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया!'
DEC 03, 2023 16:36 IST

सीएम योगी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत की दी बधाई

तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में कमल खिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने ऑफिशियल अकाउंट के जरिए जीत की बधाई दी है। सीएम योगी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मिली जीत बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में चार राज्यों के चुनाव परिणामों में तीन राज्यों में बीजेपी की भारी हैट्रिक लगना 'मोदी की गारंटी' पर 'जनता के विश्वास की गारंटी' है। सीएम ने इस जीत पर भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं व सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
DEC 03, 2023 16:03 IST

अब ईवीएम को ठहराएंगे दोषी, अजित पवार का तंज

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को कहा कि उन्हें आश्चर्य नहीं होगा यदि कुछ लोग चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए शिकायत करें और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को दोष दें।चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को जारी मतगणना के अब तक आए रुझानों में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जबकि तेलंगाना में कांग्रेस आगे है। पवार ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे आश्चर्य नहीं होगा यदि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के लोग नतीजों के लिए ईवीएम को दोष देना शुरू कर दें।' उन्होंने कहा, 'जब मैं पहले भी सरकार में था, उस समय मेरी राय थी कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ असंभव है। सिर्फ एक व्यक्ति इतने बड़े पैमाने पर ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं कर सकता। इसे करने के लिए आपको कई लोगों की आवश्यकता होती है, और जब कई लोग इस तरह के कृत्य में शामिल हो जाते हैं, तो यह स्वाभाविक रूप से अब तक सामने आ चुका होता।'
DEC 03, 2023 16:02 IST

MP Chunav Result: कालापीपल सीट से कांग्रेस को मिली जीत

प्रमुख कांग्रेस नेता और मौजूदा विधायक कुणाल चौधरी शाजापुर जिले की कालापीपल सीट से भाजपा के घनश्याम चंद्रवंशी से 11,765 मतों के अंतर से हारे।
DEC 03, 2023 16:01 IST

MP Election Result: सैलाना सीट पर BAP को मिली जीत

मध्य प्रदेश की सैलाना विधानसभा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी के कमलेश्वर डोडियार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार हर्ष विजय गहलोत को 4,618 मतों के अंतर से हराया।
DEC 03, 2023 15:56 IST

Madhya Pradesh: रतलाम सीट पर भाजपा का भौकाल कायम

भाजपा की चैतन्य कश्यप ने कांग्रेस के पारस सकलेचा को 60,708 वोटों के अंतर से हराकर अपनी रतलाम सीट बरकरार रखी। कश्यप लगातार तीसरी बार जीते।
DEC 03, 2023 15:55 IST

MP Chunav Result: मांधाता में भाजपा ने हासिल की जीत

मध्य प्रदेश चुनाव परिणाम: मांधाता में भाजपा के नारायण पटेल 840 वोटों से जीते।
DEC 03, 2023 15:54 IST

MP Election Result: हरसूद में भाजपा के विजय शाह जीते

मध्य प्रदेश चुनाव परिणाम: हरसूद में भाजपा के विजय शाह 59973 हजार वोटों से जीते।
DEC 03, 2023 15:53 IST

Madhya Pradesh: पंधाना सीट से भाजपा को मिली जीत

मध्य प्रदेश चुनाव परिणाम: पंधाना सीट भाजपा की छाया मोरे 28984 वोटों से जीतीं।
DEC 03, 2023 15:53 IST

MP Chunav Result: खंडवा सीट से भाजपा को मिली जीत

मध्य प्रदेश चुनाव परिणाम: खंडवा सीट 37930 वोटों से भाजपा की कंचन तन्वे जीतीं।
DEC 03, 2023 15:14 IST

राजस्थान: रुझानों में भाजपा 115, कांग्रेस 69 सीट पर आगे

राजस्थान में विधानसभा चुनाव की मतगणना के अब तक आए रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 115 व कांग्रेस 69 सीट पर आगे हैं। इनमें से भाजपा के 12 व कांग्रेस के दो उम्मीदवार जीत दर्ज कर चुके हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, 200 में से 199 सीट पर हुए चुनाव की मतगणना आज सुबह आठ बजे शुरू हुई और अपराह्न तीन बजे तक सभी 199 सीट के रुझान में भाजपा 115 व कांग्रेस 69 सीट पर आगे है। तीन बजे तक 16 सीट पर परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इनमें भाजपा 12 व कांग्रेस दो सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालरापाटन सीट से जीत गई हैं। वहीं सांसद दीया कुमारी ने विद्याधरनगर सीट पर 71,368 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के राजकुमार रोत ने चोरासी सीट पर 69,166 मतों से जीत दर्ज की। अन्य सीटों की बात की जाए तो निर्दलीय सात सीट पर, बहुजन समाज पार्टी दो व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी दो सीट पर आगे हैं। राज्य की 200 में से 199 सीट पर मतदान 25 नवंबर को हुआ था। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था।
DEC 03, 2023 15:10 IST

2024 में हम 400 से अधिक सीटें जीतेंगे- विजयवर्गीय

चार सूबों के चुनावी रुझानों में बीजेपी की बंपर जीत के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि साल 2024 के आम चुनाव में उनकी पार्टी 400 से ज्यादा सीटें हासिल करेगी।
DEC 03, 2023 15:03 IST

Chunav Result 2023 LIVE: राजस्थान सीएम पद से शाम साढ़े पांच बजे इस्तीफा देंगे अशोक गहलोत

राजस्थान में विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा 113 सीट पर आगे है, जबकि कांग्रेस 70 सीट पर बढ़त लिए है। इस बीच, दोपहर को सूत्रों ने बताया कि साढ़े पांच बजे के आसपास राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस्तीफा दे सकते हैं।