Karnataka Elections 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि दक्षिण भारतीय सूबे में पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी। सोमवार (24 अप्रैल, 2023) को चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट में विशाल रोडशो के दौरान किए गए पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के बीच विपक्ष पर हुंकार भरते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने इसके साथ ही बताया कि सूबे में 10 मई को होने वाला विस चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की राजनीति बनाम कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति के बारे में है।
रोडशो के दौरान शाह ने टाइम्स नाऊ नवभारत को बताया- यहां बीजेपी की ही मौजूदगी है। अपना कैमरा घुमाइए तो...कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है और भाजपा फिर विजयी होगी।
इमरान प्रतापगढ़ी को लेकर हुए विवाद से जुड़े सवाल पर वह बोले, "कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रविरोधी लोगों से नाता जोड़ा है...यह कोई नई बात नहीं है। 1967 से ऐसे प्रयास हुए हैं।"
कर्नाटक में "40 फीसदी कमिशन बीजेपी सरकार" वाले कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोप पर उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा- अगर उनके पास सबूत है तब वे इस मसले पर कोर्ट में जा सकते हैं। न एक भी जांच है और न ही एक भी मुकदमा...लोग आखिरकार कैसे इन आधारहीन आरोपों पर यकीन करेंगे?
रोड शो के बाद जन सभा में पूर्व बीजेपी चीफ बोले कि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वे एक बार फिर मुसलमानों के लिए आरक्षण लाएंगे। शाह ने आगे पूछा क्या वे मुस्लिम आरक्षण वापस चाहते हैं?
शाह के मुताबिक, ‘‘मैं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार से पूछना चाहता हूं, आप एक बार फिर मुस्लिम आरक्षण लाने के बारे में बोल रहे हैं, लेकिन आप किसका हिस्सा कम कम करेंगे? कर्नाटक के लोगों को जवाब दें, क्या आप वोक्कालिगा या लिंगायत या एससी/एसटी के आरक्षण को कम करेंगे?’’
