इलेक्शन

Karnataka Chunav 2023 : शेट्टार, सावदी पर CM बोम्मई का तीखा हमला, बोले-लोग इन्हें स्वीकार नहीं करेंगे

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 24, 2023, 04:12 PM IST

Karnataka Assembly Election 2023 : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम बोम्मई ने कहा कि 'कांग्रेस का दूसरा नाम भ्रष्टाचार' है। सीएम ने लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस और उसके पूर्व सहयोगी जेडी-एस को अपने दिलो-दिमाग से निकाल दें। इससे पहले तिप्तुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार का प्रचार करने पहुंचे बोम्मई ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से कुल 8,000 कक्षाओं का निर्माण और 17,000 शिक्षकों की भर्ती हुई।

Image

कांग्रेस पर हमलावर हैं सीएम बोम्मई।

Photo : PTI

Karnataka Assembly Election 2023 : टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस का दामन थामने वाले भाजपा के पूर्व नेताओं जगदीश शेट्टार एवं लक्ष्मण सावदी पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने सोमवार को तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में रहते हुए शेट्टार एवं सावदी ने सत्ता का सुख भोगा लेकिन अब ये कांग्रेस में शामिल हो गए। जनता इनकी असलियत पहचान गई है। चुनाव में इन्हें लोग स्वीकार नहीं करेंगे।

कभी सोचा नहीं था सीएम बनूंगा-बोम्मई

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 'मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं राज्य का मुख्यमंत्री बनूंगा। मुझे सीएम बनाने के बारे में फैसला पार्टी हाई कमान ने किया। आगे भी सीएम के बारे में फैसला पार्टी हाई कमान ही करेगा।' चुनाव प्रचार में जुटे बोम्मई कांग्रेस पर लगातार हमले कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

'कांग्रेस का दूसरा नाम भ्रष्टाचार'

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम बोम्मई ने कहा कि 'कांग्रेस का दूसरा नाम भ्रष्टाचार' है। सीएम ने लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस और उसके पूर्व सहयोगी जेडी-एस को अपने दिलो-दिमाग से निकाल दें। इससे पहले तिप्तुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार का प्रचार करने पहुंचे बोम्मई ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से कुल 8,000 कक्षाओं का निर्माण और 17,000 शिक्षकों की भर्ती हुई। उन्होंने कहा कि ये भर्तियां निष्पक्ष तरीके से हुईं और इन पर कोई दाग नहीं लगा।

कर्नाटक में 10 मई को होंगे चुनाव

पूर्व की सिद्दारमैया सरकार पर निशाना साधते हुए बोम्मई ने कहा कि इस सरकार में नौकरी के लिए आवेदन न करने वाले लोगों को भी शिक्षक बना दिया जाता था। उन्होंने सिद्दारमैया सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाया। बता दें कि विधानसभा की 224 सीटों के लिए एक चरण में 10 मई को मतदान होगा। चुनाव नतीजे 13 मई को आएंगे। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और जेडी-एस के बीच है। इस बार आम आदमी पार्टी भी अपने पूरे दम-खम के साथ उतरी है। AAP को इस बार बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है।

अमित शाह ने रोड शो किया

चुनाव प्रचार में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस की तरफ से वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। तो चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेताओं की एंट्री हो चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को चामराजनगर के गुंडलुपेट में रोड शो किया। कर्नाटक में पीएम मोदी की अभी कई रैलियां होनी हैं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article