इलेक्शन

Karnataka Assembly Election 2023: CM बोम्मई का BJP कार्यकर्ताओं को संदेश-हर बूथ पर सुनिश्चित करें जीत

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 28, 2023, 05:03 PM IST

Karnataka Assembly Election 2023: चुनाव में 150 सीट जीतने और भाजपा के 40 सीटों पर सिमटने के कांग्रेस के दावे पर सीएम ने कहा कि 150 सीट किसे देना है, इसके बारे में फैसला जनता करेगी। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार पर निशाना साधते हुए बोम्मई ने कहा कि वह किसी के लिए 'उपयोगी' नहीं हैं। सीएम ने कहा, 'हमें पूरा भरोसा है कि आगामी चुनाव में लोग हमें आशीर्वाद देंगे।'

Image

कर्नाटक में 10 मई को होंगे चुनाव।

Photo : ANI

Karnataka Assembly Election 2023 : कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने का संदेश दिया है। सीएम बोम्मई ने गुरुवार को कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य प्रत्येक बूथ पर जीत दर्ज करना है, इसलिए उनके इस लक्ष्य को पाने के लिए वे जी-जान से जुट जाएं। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। इस बातचीत में उन्होंने सबसे निचले स्तर पर पार्टी की मजबूती एवं एकजुटता पर जोर दिया।

सत्ता में बहुमत के साथ वापसी करेगी भाजपा-बोम्मई

बोम्मई ने कहा, 'डबल इंजन की सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे कार्यकाल सभी क्षेत्रों में विकास पर जोर दिया गया है। विकास कार्यों के बारे में प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन भी मिलता रहा है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम की सलाह के अनुरूप सत्तारूढ़ पार्टी लोगों के पास जाएगी। बोम्मई ने भरोसे के साथ कहा कि भाजपा 10 मई को होने वाले चुनाव में पूर्ण बहुमत प्राप्त करेगी और सत्ता में वापसी करेगी।

'150 सीट किसे देना है फैसला जनता करेगी'

चुनाव में 150 सीट जीतने और भाजपा के 40 सीटों पर सिमटने के कांग्रेस के दावे पर सीएम ने कहा कि 150 सीट किसे देना है, इसके बारे में फैसला जनता करेगी। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार पर निशाना साधते हुए बोम्मई ने कहा कि वह किसी के लिए 'उपयोगी' नहीं हैं। सीएम ने कहा, 'हमें पूरा भरोसा है कि आगामी चुनाव में लोग हमें आशीर्वाद देंगे।' कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के लिए मतदान 10 मई को होगा और चुनाव नतीजे 13 मई को आएंगे।

चुनाव में 'जहरीले बोल' की एंट्री

चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राज्य का सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। राजनीतिक दलों के नेता एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। गुरुवार को एक चुनावी रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को 'जहरीला सांप' बताया। हालांकि, बाद में वह अपनी बात से पलट गए। खड़गे ने कहा कि उन्होंने भाजपा की विचारधारा की बात की थी। शुक्रवार भाजपा विधायक बासनागौड़ा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को 'विषकन्या' कहा। कर्नाटक चुनाव में अब 'जहरीले बोल' की भी एंट्री हो गई है।

शिमोगा जिले में रोड-शो किया

बोम्मई लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने शिमोगा जिले के तडासा गांव में रोड शो किया। उनके रोड शो के दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे। उनके वाहन से लोगों को आगामी विधानसभा के बारे में जानकारी देते हुए 10 मई को मतदान करने की अपील की गई। चुनाव प्रचार में भाजपा, कांग्रेस, जेडी-एस के दिग्गज चेहरे उतर चुके हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रैलियां कर रहे हैं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article