Jharkhand Election JMM List: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 35 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची बुधवार को जारी की, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बरहेट से और कल्पना सोरेन को गांडेय से मैदान में उतारा गया है। हेमंत सोरेन साहिबगंज जिले के बरहेट (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक हैं। उन्होंने 2019 के विधानसभा चुनाव में अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी साइमन माल्टो पर 25,740 वोटों से जीत दर्ज की थी।
इन सीटों पर दिग्गज उम्मीदवार
उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने गांडेय उपचुनाव में अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी दिलीप कुमार वर्मा पर 27,149 वोटों से जीत हासिल की थी। यह सीट झामुमो विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। झामुमो के 35 उम्मीदवारों में से निवर्तमान मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन दुमका से, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो नाला से, मंत्री मिथिलेश ठाकुर गढ़वा से, सोनू सुदिव्य गिरिडीह से और बेबी देवी डुमरी से चुनाव लड़ेंगे।
हेमंत के भाई बसंत दुमका से लड़ेंगे
बसंत ने पार्टी के गढ़ दुमका में पूर्व भाजपा मंत्री लोइस मरांडी को 6,842 से अधिक मतों से हराया था। यह निर्वाचन क्षेत्र उनके बड़े भाई हेमंत सोरेन ने दिसंबर 2019 के विधानसभा चुनावों में दुमका और बरहेट सीट जीतने के बाद खाली कर दी थी। विधानसभा अध्यक्ष महतो ने पिछले चुनाव में जामताड़ा में नाला सीट पर भाजपा के सत्यानंद झा को 3,520 वोटों के अंतर से हराया था। महतो ने 2005 और 2014 में भी इस सीट से जीत हासिल की थी।
झामुमो द्वारा घोषित अन्य उम्मीदवारों में चाईबासा से दीपक बिरुआ और जमुआ से भाजपा के तीन बार के मौजूदा विधायक केदार हजारा शामिल हैं, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को होंगे, जबकि नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
