झारखंड में नई सरकार फॉर्मूला तैयार हो गया है। वर्तमान सीएम हेमंत सोरेन आज शाम चार बजे राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वो अपना इस्तीफा सौंपेगे और नई सरकार का दावा पेश करेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो झारखंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण 26 नवंबर को हो सकता है।
आज इस्तीफा देंगे हेमंत सोरेन
10 मंत्री भी लेंगे शपथ
मिली जानकारी के अनुसार हेमंत सोरेन इस बार अपने 10 मंत्रियों से साथ शपथ ले सकते हैं। हेमंत सोरेन ने कांग्रेस और जेएमएम का कोटा भी फाइनल कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार जेएमएम से 6 तो कांग्रेस के कोटे से 4 विधायक मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं।
झामुमो ने जीती 34 सीटें
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में 56 सीट के साथ शानदार जीत दर्ज करते हुए सत्ता अपने पास बरकरार रखी। झामुमो नीत गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटें जीतीं। राज्य विधानसभा में बहुमत के लिए 41 सीट की जरूरत होती है। झामुमो ने 43 सीट पर चुनाव लड़ा और 34 सीट जीतीं, जो पार्टी द्वारा जीती गई अब तक की सबसे अधिक सीट संख्या है। कांग्रेस को 16 सीट, राजद को चार और भाकपा (माले) को दो सीट पर जीत मिली।
भाजपा को मिली बड़ी हार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को महज 24 सीट से संतोष करना पड़ा। भाजपा ने 21 सीट जीतीं और राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
