जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में बिहार चुनाव को लेकर विस्तार से बात की। प्रशांत किशोर ने जनसुराज की रणनीति, सत्ता में आने के बाद के काम, लालू-नीतीश फैक्टर, इन सभी मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे। टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में नवंबर में इतिहास लिखा जाएगा। जनसुराज की सरकार राज्य में बनेगी। सीएम बनने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि वो सीएम बनकर बिहार में जिंदगी बिताने नहीं आए हैं, वो व्यवस्था बनाने आए हैं। यहां जब व्यवस्था बन जाएगी तब वो देश के लिए निकल जाएंगे।
प्रशांत किशोर का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
नीतीश कुमार बिहार के भ्रष्टतम सरकार के मुखिया- प्रशांत किशोर
नीतीश कुमार के साथ रहने और पार्टी के लिए काम करने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि वो तब ईमानदारी से जदयू के साथ थे, अगर वो नहीं होते तो नीतीश कुमार का राजनीतिक कैरियर भी उस समय खत्म हो गया होता। आज नीतीश कुमार का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि तब के नीतीश कुमार और आज के नीतीश कुमार में जमीन-आसमान का फर्क है। तब वो बिहार को सुधारने के लिए काम कर रहे थे, आज नीतीश कुमार बिहार के भ्रष्टतम सरकार के मुखिया हैं। वो इस सरकार के ईमानदार मुखौटा हैं, जो शारीरिक और मानसिक तौर पर थक गए हैं। सरकार के तौर पर ये लालू जी की सरकार से भी भ्रष्ट सरकार है। लालू जी की सरकार में आज से ज्यादा अपराध था, लेकिन सरकारी तंत्र के जरिए जो लूट, भ्रष्टाचार आज देख रहे हैं बिहार में वो कभी नहीं देखा।
मानहानि के मामले पर क्या बोले
अशोक चौधरी के मानहानि के मामले पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है, वो डरने वाले लोग नहीं है। उन्होंने कहा- "100 करोड़ से कोई मतलब नहीं है, आप देखिएगा जो मानहानि का दावा किया है वो खुद लिखकर भागेंगे, उनकी हिम्मत नहीं होगी कि वो कोर्ट तक जाएं।"
सत्ता में आने पर ये 6 बड़े काम करेगी जनसुराज
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि जनसुराज की सरकार जिस दिन बनेगी, उस दिन 6 फैसलों पर मुहर लगेगी। 1. बिहार से फर्जी शराबबंदी के कानून को हटा दिया जाएगा। आज शराब की दुकान बंद है और घर-घर शराब की डिलीवरी हो रही है। 2. बिहार में 60 वर्ष से ऊपर के हर महिला, पुरुष को 2000 रुपये महीना मिलने लगेगा। 3. सात दिन के अंदर एक नया विभाग बनाया जाएगा। जो पलायन पर काम करेगा, लोगों के लिए बिहार में ही रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। 4. जिस भी गांव की सरकारी स्कूल की हालत खराब है, उस गांव के गरीब लोगों को सुविधा दी जाएगी कि जबतक स्कूल की हालत नहीं सुधरती है, आप बच्चों को इलाके के प्राइवेट स्कूल में भेजिए, फीस सरकार भरेगी। 5. जो लोग खेती कर रहे हैं, जो खाने वाली खेती से कमाने वाली खेते में मूव करेंगे, उनको मनरेगा के तहत मजदूर मुफ्त कर दिए जाएंगे। 6. रोजगार के लिए 4 प्रतिशत ब्याज पर लोन मिलेगा। 7. जो 100 सबसे भ्रष्टतम नेता और अफसर है, उनकी सूची बना दी गई है, सरकार बनने के बाद स्पेशल कानून बनाया जाएगा, स्पेशल कोर्ट बनाए जाएंगे और साल भर के अंदर न सिर्फ इनपर कार्रवाई होगी, इनसे रिकवरी भी की जाएगी। अगर 100 दिनों के अंदर ये काम नहीं किए तो इस्तीफा दे देंगे।
