इलेक्शन

प्रशांत किशोर बोले- लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का 100 का आंकड़ा पार करना बहुत मुश्किल; BJP पर कही ये बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 24, 2024, 07:25 AM IST

प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर सीट की संख्या 50 - 55 हो जाए तो इससे देश की राजनीति नहीं बदल जाएगी। मुझे कांग्रेस के लिए चुनाव नतीजे में कोई सकारात्मक बदलाव नहीं दिख रहा है।

Image

प्रशांत किशोर

Prashant Kishore: पूर्व चुनाव रणनीतिकार और जन सुराज संगठन के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए 100 सीट का आंकड़ा पार करना बहुत ही मुश्किल है। उन्होंने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में यह भी कहा कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 370 सीट तक पहुंचने की संभावना नहीं है, हालांकि वह पश्चिम बंगाल में इस बार भी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस इस चुनाव में 100 का आंकड़ा पार कर लेगी, किशोर ने कहा कि उन्हें लोकसभा में कांग्रेस की वर्तमान सीट की संख्या में बड़े बदलाव की संभावना नजर नहीं आती।

50 - 55 सीटों से देश की राजनीति नहीं बदलेगी

उन्होंने कहा, अगर सीट की संख्या 50 - 55 हो जाए तो इससे देश की राजनीति नहीं बदल जाएगी। मुझे कांग्रेस के लिए चुनाव नतीजे में कोई सकारात्मक बदलाव नहीं दिख रहा है। बड़े बदलाव के लिए कांग्रेस को 100 का आंकड़ा पार करना होगा। किशोर ने हालांकि कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस 100 का आंकड़ा पार करेगी। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में यह बहुत मुश्किल है।

भाजपा 370 सीटें हासिल करती है तो हैरत होगी

भाजपा के 370 सीट जीतने के लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर किशोर ने कहा, भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए 370 का यह लक्ष्य रखा है। लोगों को इस 370 के लक्ष्य को सच नहीं मानना चाहिए। हर नेता को लक्ष्य तय करने का अधिकार है। अगर वे इसे हासिल कर लेते हैं तो बहुत अच्छा है, यदि नहीं कर पाते हैं तो पार्टी को इतना विनम्र होना चाहिए कि वह अपनी गलती स्वीकार कर ले। उनके मुताबिक, 2014 के बाद 8-9 चुनाव ऐसे हुए जहां भाजपा अपने तय लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई। किशोर ने कहा कि मैं कह सकता हूं कि भाजपा अकेले 370 सीट हासिल नहीं कर सकती। इसकी संभावना करीब-करीब जीरो ही मानता हूं। अगर यह होता है तो मुझे बहुत आश्चर्य होगा।

बंगाल में बीजेपी का प्रदर्शन रहेगा अच्छा

किशोर के अनुसार, अगर संदेशखाली जैसी घटना होती है, तो निश्चित रूप से वह सत्तारूढ़ दल के लिए नुकसान का कारण बनेगी। उनका मानना है कि भाजपा 2019 में पश्चिम बंगाल में मिली अपनी सीट से नीचे नहीं आएगी। पिछले चुनाव में भाजपा को पश्चिम बंगाल में 18 सीट हासिल हुई थी। कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के संदर्भ में किशोर ने कहा कि यह यात्रा का समय नहीं है क्योंकि लोकसभा चुनाव बिल्कुल नजदीक है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article