इलेक्शन

राहुल-अखिलेश की दोस्ती में कैसे पड़ी दरार? जानें कांग्रेस-सपा के बीच तकरार की पूरी कहानी

Madhya Pradesh Assembly Election 2023: विधानसभा चुनावों में जो तकरार इंडिया गठबंधन की पार्टियों के बीच छिड़ी है, आगामी लोकसभा चुनाव में उसका बुरा साइडइफेक्ट देखने को मिल सकता है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच विवाद बढ़ रहा है। सवाल ये है कि क्या अब राहुल-अखिलेश की दोस्ती पर फाइनल ब्रेक लगने वाला है?

Image

अखिलेश यादव और राहुल गांधी की दोस्ती पर लगा फाइनल ब्रेक!

MP Chunav News: विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) में शामिल पार्टियां जो एकजुटता के दावे करती हैं, उसका खोखला चरित्र अब धीरे-धीरे उजागर हो रहा है। लोकसभा चुनाव तो दूर का ढोल है, उससे पहले विधानसभा चुनावों में ही कई सहयोगी पार्टियों के बीच सिरफुटव्वल की स्थिति बनने लगी है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव की दोस्ती में दरार साफ नजर आ रही है। सवाल उठने लगे हैं कि क्या ये दोस्ती अब सियासी दुश्मनी की ओर बढ़ चली है?

खत्म हुई दोस्ती, अब दुश्मनी की बारी!

अखिलेश यादव ने कांग्रेस के खिलाफ कड़वे बोल को अपना कर ये बता दिया कि उनकी नजर में राहुल गांधी की पार्टी धोखेबाज और चालू है। मध्य प्रदेश विधानसभा में सीटों पर बात नहीं बनी तो सपा प्रमुख तिलमिला उठे और उन्होंने कांग्रेस को खूब भला-बुरा कह दिया। मतलब साफ है कि अब राहुल-अखिलेश की दोस्ती पर ग्रहण लग चुका है। भले ही सपा-कांग्रेस की इस लड़ाई की शुरुआत एमपी में हुई थी, अब इसकी आंच यूपी तक पहुंच चुकी है। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी की टीम आमने-सामने है। दोनों ही पार्टियों के नेता एक दूसरे पर जमकर जुबानी प्रहार कर रहे हैं।

यूपी में कांग्रेस को परेशान करेगी सपा?

अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के लिए कांग्रेस के कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में सीट नहीं छोड़ी तो इस विवाद ने तूल पकड़ लिया। सपा ने कांग्रेस के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतार दिए और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को सबक सिखाने का प्लान तैयार किया। अखिलेश पर कांग्रेस के अजय राय लगातार जुबानी हमले कर रहे हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि ये लड़ाई अभी लंबी चलने वाली है। सपा अब कांग्रेस से एमपी का बदला यूपी में लेने की तैयारी कर रही है। दोनों पार्टियां एक दूसरे के नेताओं को तोड़ने में जुट गई हैं।

अखिलेश के नेतृत्व पर उठने लगे सवाल

कभी समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेताओं की लिस्ट में शुमार रहे रवि प्रकाश वर्मा ने अखिलेश यादव के नेतृत्व पर सवाल उठा दिया है। चार बार के सांसद रवि वर्मा सपा के महासचिव भी रहे हैं। उन्होंने पिछले हफ्ते ही सपा से इस्तीफा दे दिया था उनकी बेटी पूर्वी वर्मा ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आशीर्वाद लिया। रवि वर्मा ने ये तक दावा कर दिया कि उन्हें समाजवादी पार्टी में घुटन महसूस हो रही थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि ये तो बस शुरुआत है, आगे बहुत सारे नेता कांग्रेस का हाथ थामने वाले हैं। सपा के कई नेता राहुल गांधी के साथ काम करना चाहते हैं। बता दें, रवि वर्मा आज कांग्रेस का दामन थामने वाले हैं।

'चिरकुट नेता' ने अखिलेश की जमीन हिलाई

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीते कुछ दिन पहले ही अजय राय को 'चिरकुट नेता' करार दिया था। अब इसी चिरकुट नेता ने अखिलेश की पार्टी में सेंधमारी तेज कर दी है। कांग्रेस ये साबित करने में जुट गई है कि राहुल गांधी का नेतृत्व लोगों को ज्यादा पसंद आ रहा है और यही वजह है कि सपा के नेता अब अखिलेश से कन्नी काटने पर मजबूर होते जा रहे हैं। ये तो तय है कि अखिलेश और राहुल के बीच अब पुरानी बात नहीं है, मगर कहीं न कहीं 2024 के लोकसभा चुनाव के नजरिए से ये इंडिया गठबंधन की टेंशन बढ़ने वाली है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article