Lok Sabha Election 2024: वंचित बहुजन अघाडी (VBA) के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कम से कम छह लोकसभा सीट जीत सकती है और अगर महा विकास अघाडी (MVA) के साथ उसका गठबंधन कामयाब नहीं होता है तो पार्टी 46 सीट पर उम्मीदवार उतारने को तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि एमवीए के दो घटक शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस वर्तमान में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान में लगे हुए हैं।
बता दें महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं, जो उत्तर प्रदेश (80) के बाद सबसे ज्यादा हैं। हाल ही में शिवसेना (UTB) नेता संजय राउत ने कहा था कि एमवीए के सदस्य आगामी लोकसभा चुनावों के लिए महाराष्ट्र में सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमत हुए हैं और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि राकांपा (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और प्रकाश आंबेडकर सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही बैठक करेंगे।
46 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकता है वंचित बहुजन अघाडी
आंबेडकर के नेतृत्व वाली वीबीए एमवीए का हिस्सा बनने की कोशिश कर रही है और अपने तीन घटक दलों के साथ आगामी चुनाव लड़ने पर नजर गड़ाए हुए है। नागपुर के रवि भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आंबेडकर ने कहा कि ‘शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान है और हम (VBA) अभी बाहरी हैं। उनके द्वारा इस मुद्दे को सुलझाए जाने के बाद हमारी चर्चा शुरू होगी। हालांकि, वीबीए अकेले दम पर महाराष्ट्र में कम से कम छह लोकसभा सीटें जीत सकती है और अगर गठबंधन नहीं हुआ तो वह 46 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने को तैयार है।’ वह एमवीए के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत की स्थिति पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। नागपुर लोकसभा सीट को आंबेडकर ने सबसे आसान’ सीट बताया बशर्ते इसे सही तरीके से लड़ा जाए। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार की उसकी आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश अर्थव्यवस्था के ढहने के कगार पर है।
