इलेक्शन

बहुत मंथन करने के बाद BJP में जाने का किया फैसला, बोले चंपई सोरेन...बाबूलाल मरांडी के नाराज होने की खबर

चंपई सोरेन ने आज कहा कि बहुत मंथन करने के बाद मेरा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह पर विश्वास बढ़ गया है और भाजपा में शामिल होने का हमने निर्णय ले लिया है।

Image

चंपई सोरेन

Photo : PTI

Champai Soren in BJP: विधानसभा चुनाव से ऐन पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। चंपई सोरेने ने भी खुलकर इसे स्वीकार कर लिया है। चंपई ने कहा कि पहले मैंने सोचा था कि मैं संन्यास ले लूंगा। फिर मैंने सोचा कि नया संगठन बनाऊंगा लेकिन इसके लिए समय अभी कम है। बहुत मंथन करने के बाद मेरा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह पर विश्वास बढ़ गया है और भाजपा में शामिल होने का हमने निर्णय ले लिया है। भाजपा में मेरे साथ मेरा बेटा भी शामिल होगा।

बाबूलाल मरांडी नाराज

वहीं, चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने की खबर के बाद से झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी नाराज बताए जा रहे हैं। मरांडी इस पक्ष में थे कि चंपाई अपनी पार्टी / संगठन बनाएं और चुनाव लड़कर जेएमएम को नुकसान कर बीजेपी को फायदा पहुंचाए। नाराजगी के बाद आज अमित शाह और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मरांडी की मुलाकात हो सकती है। मरांडी के अलावा प्रदेश के कुछ और बीजेपी नेता भी नाराज बताए जा रहे हैं। इसमें गणेश महाली और रमेश हांसदा शामिल हैं। चंपाई के खिलाफ गणेश महाली चुनाव लड़ते थें।

चंपई सोरेन ने की शाह से मुलाकात

बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने सोमवार को घोषणा की कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। सरमा ने कहा कि सोरेन 30 अगस्त को रांची में पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सोरेन की मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी सरमा भी बैठक में शामिल थे। सरमा ने एक्स पर लिखा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के दिग्गज आदिवासी नेता चंपई सोरेन जी ने कुछ समय पहले माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता चंपई सोरेन ने पार्टी नेतृत्व पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया था और घोषणा की थी कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में फैसला करेंगे। यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

नई पार्टी बनाने का किया था ऐलान

इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने 21 अगस्त को नई पार्टी बनाने का ऐलान किया था। चंपई सोरेन ने कहा कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे। वह नई पार्टी बनाएंगे और उसे मजबूत करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा था कि गठबंधन के रास्ते खुले रहेंगे और अगर कोई अच्छा दोस्त मिल गया, तो उसके साथ आगे बढ़ेंगे। चंपई सोरेन ने कहा, मैंने तीन विकल्प बताए थे -रिटायरमेंट, संगठन या दोस्त। मैं रिटायर नहीं होऊंगा, पार्टी को मजबूत करूंगा, नई पार्टी बनाऊंगा और अगर रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिल गया तो उसके साथ आगे बढ़ूंगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article