Hisar Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: हरियाणा के हिसार विधानसभा सीट पर बीजेपी को बागियों ने परेशान कर रखा है। हिसार सीट से ही भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल भी मैदान में हैं। सावित्री जिंदल, बीजेपी सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। बीजेपी की ओर से जब सावित्री जिंदल को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय पर्चा भर दिया। सावित्री जिंदल के मैदान में उतरने से हिसार, हरियाणा की हॉट सीट हो गई है।
हिसार सीट पर बीजेपी के तीन बागी
हिसार सीट से बीजेपी ने आरएसएस से करीबी संबंध रखने वाले डॉ. कमल गुप्ता को टिकट दिया है। कमल गुप्ता हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। हिसार सीट से कमल गुप्ता पिछले दो बार से चुनाव जीतते रहे हैं। लेकिन इस बार रास्ते कठिन दिख रहे हैं। दरअसल बीजेपी की ओर से तीन बागी मैदाम में हैं। ओपी जिंदल की पत्नी सावित्री जिंदल, जिनका इस सीट पर 1991 से दबदबा रहा है। 1991 में ओपी जिंदल जीते थे, 2000 और 2005 में ओपी जिंदल और 2009 में सावित्री जिंदल यहां से जीती थीं। इसके बाद दूसरे बागी में गौतम सरदाना हैं, जो हिसार के मेयर हैं। इसके अलावा तरुण जैन भी मैदान में हैं, इनका भी क्षेत्र में प्रभाव है।
कांग्रेस का हाल
हिसार सीट पर कांग्रेस फिलहाल मजबूत स्थिति में दिख रही है। कांग्रेस ने कुमारी सैलजा के खास रामनिवास राड़ा को टिकट दिया है। रामनिवास राड़ा पहले भी इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन तब उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार बीजेपी के बागियों के भरोसे रामनिवास राड़ा यह सीट निकालने की स्थिति में दिख रहे हैं।
कौन हैं सावित्री जिंदल
सावित्री जिंदल दो बार हिसार सीट से विधायक चुनी गईं। उन्होंने 2005 में कांग्रेस विधायक के तौर पर पहली बार हरियाणा विधानसभा में हिसार का प्रतिनिधित्व किया था। 2009 में वह फिर से इसी सीट से चुनी गईं और 2013 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में मंत्री बनाई गईं। भाजपा द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद, 270.66 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति वाली देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने नामांकन के आखिरी दिन निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना पर्चा दाखिल किया। सावित्री जिंदल अपने बेटे और उद्योगपति नवीन जिंदल के बाद इस साल मार्च में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुई थीं। हालांकि, कुछ दिन पहले उन्होंने दावा किया था कि वह भाजपा में “आधिकारिक रूप से” शामिल नहीं हुई हैं।
हिसार विधानसभा सीट समीकरण
हिसार विधानसभा में अनुसूचित जाति के मतदाता लगभग 24,044 हैं, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 14.57% है। मुस्लिम मतदाता लगभग 3,796 हैं, जो मतदाता सूची विश्लेषण के अनुसार लगभग 2.3% है। ग्रामीण मतदाता लगभग 4,654 हैं, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 2.82% है। शहरी मतदाता लगभग 160,371 हैं, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 97.18% है। 2019 विधानसभा चुनाव के अनुसार हिसार विधानसभा के कुल मतदाता 165025 हैं। जिनमें से 87,241 पुरुष और 77,782 महिलाएं हैं।
