इलेक्शन

हरियाणा चुनाव के चलते हिमाचल सरकार ने घोषित की छुट्टी, सीमा से सटे जिलों में रहेगा अवकाश

Haryana Assembly Elections: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, 5 अक्टूबर, 2024 (शनिवार) को एक दिन का सवैतनिक अवकाश घोषित किया जाता है, जो कि हिमाचल प्रदेश में कार्यरत हरियाणा राज्य के पंजीकृत मतदाताओं के लिए मतदान का दिन है।

Image

हरियाणा विधानसभा चुनाव। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : PTI

Haryana Assembly Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को होने वाले मतदान के कारण हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक दिन की छुट्टी घोषित की है। इस बाबत सरकारी आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, 5 अक्टूबर, 2024 (शनिवार) को एक दिन का सवैतनिक अवकाश घोषित किया जाता है, जो कि हिमाचल प्रदेश में कार्यरत हरियाणा राज्य के पंजीकृत मतदाताओं के लिए मतदान का दिन है।

बता दें, इससे पहले हिमाचल प्रदेश सरकार ने जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के लिए भी अवकाश की घोषणा की थी। आदेश के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में कार्यरत जम्मू और कश्मीर के पंजीकृत मतदाताओं के लिए 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया था।

90 सीटों के लिए होगा मतदान

हरियाणा की 90 विधानसभाओं के लिए मतदान शनिवार को होगा। मतदाता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा, कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट और जजपा के दुष्यंत चौटाला और 1027 अन्य उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस एक दशक के बाद सरकार में वापसी की उम्मीद कर रही है। मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

2 करोड़ से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं जिनमें 8,821 मतदाता सौ वर्ष से अधिक उम्र के हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कुल 1,031 उम्मीदवार 90 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं जिनमें 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय लड़ रहे हैं। अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि मतदान के लिए कुल 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article