इलेक्शन

Haryana Chunav Results : हरियाणा के वे 10 बड़े नाम जिनकी सीटों पर है सबकी नजर

Haryana Assembly Elections-2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। मतदान 5 अक्टूबर को हुए थे। इस बार कुल 1301 उम्मीदावर आमने-सामने थे। जिनमें नायब सिंह सैनी, दुष्यंत चौटाला, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल विज, पहलवान विनेश फोगाट, कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा, देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल की सीटों पर सबकी नजर है।

Image

हरियाणा के 10 सबसे प्रमुख उम्मीदवारों और उनकी सीट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 के लिए वोटों की गिनती आज को शुरू हो गई है। बता दें, हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान हुए थे। इस बार बीजेपी, कांग्रेस समेत प्रदेश की विभिन्न पार्टियों के कुल 1301 उम्मीदावर आमने-सामने थे। इन उम्मीदवारों में कुछ ऐसे नाम भी शामिल है जिनपर ना सिर्फ हरियाणा की बल्कि पूरे देश की नजर है। जिनमें नायब सिंह सैनी, दुष्यंत चौटाला, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल विज, अभय सिंह चौटाला, विपुल गोयल, पहलवान विनेश फोगाट, कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा, देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल से लेकर बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के दामाद चिरंजीव राव का नाम शामिल है। आइए एक नजर डालते है हरियाणा के 10 सबसे प्रमुख उम्मीदवारों और उनकी सीटों पर.....

1. गढ़ी सांपला किलोई (भूपिंदर सिंह हुड्डा)

हरियाणा के पूर्व CM और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। जानकारी के अनुसार, इस सीट पर उनकी पकड़ काफी मजबूत है। बता दें, भूपेंद्र सिंह हुड्डा 2 बार हरियाणा के सीएम भी रह चुके हैं। अगर इस बार के चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलता है तो उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनने की प्रबल संभावना है। बता दें, गढ़ी सांपला किलोई सीट पर जाट वोटर निर्णायक भूमिका निभाते हैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी इसी समुदाय से आते हैं।

2. लाडवा (नायब सिंह सैनी)

मनोहर लाल खट्टर को हरियाणा से दिल्ली भेजे जाने के बाद जिन नायब सिंह सैनी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया था, उन्होंने इस बार के चुनाव में करनाल के बजाय कुरूक्षेत्र की लाडवा सीट से चुनाव लड़ा था। उनका मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता मेवा सिंह है। पिछली बार लाडवा सीट से मेवा सिंह ने जीत का परचम लहराया था। लाडवा में बड़ी संख्या में ओबीसी मतदाता होने का फायदा नायब सिंह सैनी को मिल सकता है।

3. जुलाना (विनेश फोगाट)

पेरिस ओलंपिक- 2024 से लौटने के बाद विनेश फोगाट ने राजनीति में एंट्री ली है। विनेश फोगाट कांग्रेस के टिकट पर जुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। जुलाना विनेश फोगाट का ससुराल भी है। विनेश के खिलाफ BJP ने पायलट रह चुके योगेश बैरागी को मैदान में उतारा था।

4. उचाना कलां (दुष्यंत चौटाला)

JJP नेता और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला उचाना विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में थे। पिछले 5 साल तक वह बीजेपी के साथ सरकार में थे। लोकसभा चुनाव- 2024 में जब उनकी बीजेपी के साथ सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बनी तो गठबंधन टूट गया। 2019 में दुष्यंत चौटाला उचाना सीट ही से चुनाव जीत चुके है। यहां करीब 2.17 लाख वोटर हैं।

5. अंबाला कैंट (अनिल विज)

अनिल विज हरियाणा बीजेपी का एक बड़ा चेहरा हैं। 2 बार मंत्री रह चुके अनिल विज अंबाला कैंट सीट से उम्मीदवार थे और विधानसभा चुनाव के बीच में ही उन्होंने सीएम पद पर दावा ठोंक दिया था। अंबाला कैंट में पंजाबी और सिख समुदाय के करीब 80 हजार वोट हैं। 1967 से लेकर 2019 तक यहां ज्यादातर पंजाबी समाज से आने वाले ही विधायक बनते आए हैं।

6. ऐलनाबाद (अभय सिंह चौटाला)

हरियाणा में सिरसा जिले की ऐलनाबाद सीट से इंडियन नेशनल लोकदल के नेता अभय सिंह चौटाला ने चुनाव लड़ा था। उन्होंने ऐलनाबाद सीट पर पिछले 2 चुनावों में जीत दर्ज की है। बता दें, इस सीट पर ओबीसी 18 प्रतिशत, अनुसूचित जाति 21 प्रतिशत के अलावा जाट, ब्राह्मण, पंजाबी, वैश्य मतदाताओं का वोट काफी संख्या में है।

7. बादली (ओपी धनखड़)

हरियाणा की बादली विधानसभा सीट पर इस बार बीजेपी, कांग्रेस, AAP और जननायक जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला था। बीजेपी ने पूर्व विधायक ओमप्रकाश धनखड़ (ओपी धनखड़) को, कांग्रेस ने मौजूदा विधायक कुलदीप वत्स को, AAP ने हरपाल सिंह को और जजपा ने कृष्ण कुमार को मैदान में उतारा था। ओमप्रकाश धनखड़ वर्ष 2014 से 2019 तक हरियाणा विधानसभा के सदस्य और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य कर चुके है।

8. हिसार (सावित्री जिंदल)

देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल हिसार सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रही है। वो हरियाणा के कुरुक्षेत्र से BJP सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। सबसे अमीर महिला होने के साथ-साथ सावित्री जिंदल हरियाणा में मंत्री भी रह चुकी है। लोकसभा चुनाव-2024 से पहले सावित्री जिंदल ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। लेकिन BJP इस सीट से अपने पुराने नेता और RSS से जुड़े डॉ. कमल गुप्ता को टिकट दिया था। जिसके बाद सावित्री जिंदल ने इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

9. गुड़गांव (मुकेश शर्मा)

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना कुछ ही देर में शुरू होने वाली है। इन 90 सीटों में से एक गुड़गांव पर भी सबकी नजर बनी हुई है। उम्मीदवारों की बात करें तो बीजेपी ने इस बार मौजूदा विधायक का टिकट काटते हुए पहलवान से नेता बने मुकेश शर्मा को मौका दिया है। इस पहले मुकेश शर्मा साल 2014 में भी बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला जिसके बाद निर्दलीय चुनाव में उतरे थे।

10. फरीदाबाद (विपुल गोयल)

फरीदाबाद विधानसभा सीट पर भी सबकी नजर है। वोटों की गिनती शुरू होते ही रुझान आने लगेंगे। बता दें, एग्जिट पोल में यहां कांग्रेस का पलड़ा भारी दिख रहा था। फरीदाबाद सीट पर 2014 में BJP ने वापसी की थी। भाजपा के उम्मीदवार विपुल गोयल ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। इस बार भी इस सीट पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच में कड़ा मुकाबला है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article