इलेक्शन

हरियाणा चुनाव 2024: कांग्रेस में शामिल हुए विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया, रेलवे से दिया इस्तीफा

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर फोगाट और पुनिया के साथ राहुल गांधी की एक तस्वीर साझा की थी। इसके बाद से ही दोनों पहलवानों के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लग रही थीं।

Image

विनेश फोगाट-बजरंग पूनिया

KEY HIGHLIGHTS
  • विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया आज कांग्रेस में होंगे शामिल
  • उनमें से कोई एक चुनाव लड़ेगा या दोनों चुनाव लड़ेंगे, जल्द स्पष्ट होगा
  • कुछ दिन पहले ही दोनों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी

Bajrang Punia and Vinesh Phogat: पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले आज कांग्रेस में शामिल हो गए। दोनों पहलवान आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने उनके आवास पहुंचे, इस दौरान महासचिव के. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। आज ही विनेश ने रेलवे से भी इस्तीफा दिया और खड़गे से मुलाकात करने पहुंचीं। कुछ दिन पहले ही दोनों ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर फोगाट और पुनिया के साथ राहुल गांधी की एक तस्वीर साझा की थी। इसके बाद से ही दोनों पहलवानों के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लग रही थीं।

बजरंग-विनेश की उपलब्धियां

बजरंग पूनिया तोक्यो ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेता हैं, जबकि विनेश फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं। हालांकि उन्हें 50 किलोग्राम वर्ग के वजन में लगभग 100 ग्राम वजन अधिक पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। बाद में उन्होंने खेल से संन्यास की घोषणा की।

बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा

पूनिया और फोगाट 2023 में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।

राहुल गांधी से मुलाकात

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की 4 सितंबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी। तभी से माना जा रहा है कि ये दोनों पहलवान कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। एक्स पर कांग्रेस ने इस मुलाकात की तस्वीर भी पोस्ट की थी। इस तस्वीर के साथ कांग्रेस ने लिखा था- 'नेता विपक्ष राहुल से विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने मुलाकात की।' कांग्रेस दोनों पहलवानों अपनी पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दे चुकी थी, लेकिन अब तक इस प्रस्ताव पर दोनों पहलवानों ने चुप्पी साध रखी थी। राहुल से मुलाकात के बाद दोनों के कांग्रेस में शामिल होने के संकेत मिलने लगे

इन सीटों की पेशकश

रिपोर्ट्स के मुताबिक विनेश को कांग्रेस ने दो सीटों बधरा और दादरी सीट की पेशकश की है। इन दोनों सीटों में से किसी एक को उसने चुनने के लिए कहा है। ये दोनों सीटें चरखी दादरी में आती हैं। इसमें से दादरी सीट पर बबीता फोगाट भाजपा के टिकट पर 2019 में चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अगर विनेश दादरी सीट से चुनाव लड़ती हैं तो फिर इस सीट पर दो बहनों के बीच मुकाबला होगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article