इलेक्शन

हरियाणा: दिग्गजों को लगा झटका, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष समेत कई प्रमुख नेताओं की करारी हार

हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदयभान होडल सीट से भाजपा उम्मीदवार हरिंदर सिंह से हार गए जबकि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता पंचकूला सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार चंद्र मोहन से हार गए।

Image

हरियाणा में हारे कई दिग्गज

Haryana Elections 2024: कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रमुख, विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री उन प्रमुख नेताओं में शामिल हैं जो हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपनी सीट पर हार गए। इंडियन नेशनल लोकदल के नेता अभय सिंह चौटाला और भाजपा के भव्य बिश्नोई भी हारने वालों में शामिल हैं। मंगलवार को घोषित परिणामों के बाद विजयी हुई भाजपा, सत्ता विरोधी लहर को दरकिनार करते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार है।

इन बड़े नेताओं को मिली हार

हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदयभान होडल सीट से भाजपा उम्मीदवार हरिंदर सिंह से हार गए जबकि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता पंचकूला सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार चंद्र मोहन से हार गए। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला और कांग्रेस पार्टी के बृजेंद्र सिंह उचाना कलां सीट से हार गए। इनेलो के अभय चौटाला अपने गढ़ ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में हार गए।

आदमपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के भव्य बिश्नोई कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र प्रकाश से हार गए। पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पोते बिश्नोई ने 2022 के आदमपुर उपचुनाव में यह सीट जीती थी। अन्य प्रमुख हारने वालों में हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रमुख और बादली से भाजपा उम्मीदवार ओ पी धनखड़, हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा उम्मीदवार कैप्टन अभिमन्यु, इनेलो के दिग्विजय चौटाला और निर्दलीय उम्मीदवार रणजीत चौटाला शामिल हैं। इसके अलावा नायब सिंह सैनी सरकार के 10 में से आठ मंत्री भी चुनाव हार गए। इनमें असीम गोयल, सुभाष सुधा और कंवर पाल शामिल हैं।

बीजेपी और कांग्रेस का मत प्रतिशत लगभग बराबर

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस का मत प्रतिशत लगभग बराबर रहा। भाजपा ने हालांकि सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल कर लिया। विधानसभा चुनाव में भाजपा को 39.94 प्रतिशत मत मिले, जबकि कांग्रेस को 39.09 प्रतिशत मत मिले। दोनों पार्टियों को पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार अधिक मत मिले, लेकिन कांग्रेस को 11 प्रतिशत की बढ़त मिली जो भाजपा की तीन प्रतिशत वृद्धि से काफी अधिक है। 2019 के विधानसभा चुनावों में जब भाजपा ने 90 में से 40 सीट जीतीं, तो उसका मत प्रतिशत 36.49 प्रतिशत था। वहीं, कांग्रेस को 31 सीट के लिए 28.08 प्रतिशत मत मिले थे।

वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में 48 सीट जीतकर भाजपा सत्ता बरकरार रखने और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार कांग्रेस को 37 सीट पर जीत मिली है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने दो सीटें जीतीं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को तीन सीट मिलीं। जननायक जनता पार्टी (जजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों को चुनावों में कोई सफलता नहीं मिली। इस बीच, दो सीट जीतने वाली इनेलो ने 2019 के अपने मत प्रतशित में सुधार किया और इस बार 4.14 प्रतिशत मत हासिल किये जबकि पिछली बार उसे 2.44 प्रतिशत मत मिले थे। जजपा के मत प्रतिशत में भारी नुकसान हुआ, जो 2019 में 15 प्रतिशत से घटकर 0.90 प्रतिशत रह गया, जब उसने 10 सीट जीती थीं। अकेले चुनाव लड़ने वाली आप को पिछले विधानसभा चुनाव के 0.48 प्रतिशत के मुकाबले 1.79 प्रतिशत वोट मिले। पिछले चुनाव में नोटा का मत प्रतिशत 0.52 प्रतिशत था जबकि इस बार यह 0.38 प्रतिशत रहा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article