इलेक्शन

Haryana Chunav: किस-किसको मिलेगा BJP का टिकट? उम्मीदवारों के नाम पर हुआ मंथन

Assembly Elections 2024 : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा किस-किसको अपना उम्मीवार बनाएगी? हरियाणा भाजपा की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। भाजपा केंद्रीय निर्वाचन समिति द्वारा बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। देखना होगा कि किसे BJP का टिकट मिलता है?

Image

हरियाणा में भाजपा किस-किसको देगी विधानसभा चुनाव का टिकट?

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा के लिए भाजपा ने चुनावी रणनीति तैयार कर ली है? किस विधानसभा सीट से किसे टिकट मिलेगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी है। इस बीच हरियाणा में भाजपा की दो दिवसीय चुनाव संचालन समिति की बैठक खत्म हो गई है। बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए आवेदकों के नाम पर चर्चा की गई। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगेगी।

दो दिवसीय चुनाव संचालन समिति की बैठक खत्म

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को बताया कि दो दिवसीय चुनाव संचालन समिति की बैठक खत्म हो गई है। जिन प्रत्याशियों ने टिकट के लिए आवेदन किया था, बैठक के दौरान उन नामों पर चर्चा की गई। सभी आवेदकों के नाम की सूची केंद्र को भेजी जाएगी। जब केंद्र से प्रत्याशियों की पहली सूची आएगी तो इसके बारे में जानकारी दी जाएगी।

उम्मीदवारों के नाम पर पार्टी नेताओं ने किया मंथन

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बैठक में हमने सभी 90 विधानसभा सीटों पर चर्चा की। जहां पर जिस उम्मीदवार की जीत की संभावना हैं, उन सब नामों पर मंथन किया गया है। सभी के नामों की सूची प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली को दी गई है वो इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौपेंगे।

उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा पार्लियामेंट्री बोर्ड के सामने इस पर चर्चा करेंगे, उसके बाद जो भी नाम निकलेगा वो सभी के सामने आएगा। भाजपा सांसदों के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत का कोई भी नागरिक चुनाव लड़ सकता है।

आवेदकों के नाम पर पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा फैसला

वहीं हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने बताया कि आवेदकों के नाम पर पार्लियामेंट्री बोर्ड फैसला करेगा। सांसदों के बेटे के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक किसी ने टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है। युवाओं और महिलाओं को इस बार भी मौका दिया जाएगा। दूसरे दलों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर मोहन लाल ने कहा कि जो भी नेता किसी भी दल से आएगा उसका पार्टी में स्वागत किया जाएगा।

बता दें कि भाजपा की 21 सदस्यीय चुनाव समिति का उद्देश्य सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा कर पैनल तैयार करना है। हर विधानसभा सीट का पैनल तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजा जाएगा। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 25 अगस्त को प्रस्तावित है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत अन्य बड़े नेता शामिल होंगे।

1 अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर होगा मतदान

हरियाणा में नई सरकार के गठन के लिए 1 अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 4 अक्टूबर को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावों के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर और नामांकन पत्रों की जांच की अंतिम तिथि 13 सितंबर है। नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 सितंबर होगी।

हरियाणा में पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। चुनाव में भाजपा को 40 और जननायक जनता पार्टी को 10 सीटें हासिल हुई थीं। दोनों पार्टियों ने मिलकर गठबंधन की सरकार बनाई थी। मनोहर लाल खट्टर लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। वहीं दुष्यंत चौटाला ने उप-मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी।

इसके बाद भाजपा और जेजेपी का गठबंधन टूट गया। मनोहर लाल ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वो करनाल लोकसभा सीट से चुनाव जीत कर केंद्र की राजनीति में चले गए। इसी बीच नायब सिंह सैनी को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article