इलेक्शन

हरियाणा विधानसभा चुनाव: महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये, जानिए BJP के घोषणापत्र में क्या-क्या वादे

जे. पी. नड्डा ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 24 फसलें खरीदने और राज्य के प्रत्येक अग्निवीर को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया है।

Image

बीजेपी का घोषणापत्र जारी

Photo : ANI

Haryana Assembly Elections BJP manifesto: भारतीय जनता पार्टी ने आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र जारी कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 24 फसलें खरीदने और राज्य के प्रत्येक अग्निवीर को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया है।

महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये देने का वादा

घोषणापत्र में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये देने का वादा किया गया है। साथ ही भाजपा ने अपने घोषणापत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 24 फसलें खरीदने, शहरी और ग्रामीण इलाकों में पांच लाख मकान बनाने का वादा किया है। दो लाख सरकारी नौकरियां और हर घर गृहिणी योजना के तहत 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया गया है। भाजपा ने रोहतक में अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए हरियाणा के हर अग्निवीर को सरकारी नौकरी देने का वादा किया।

लड़कियों को स्कूटर देने का भी वादा

नड्डा ने रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल खट्टर, राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर की मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने देश भर के किसी भी सरकारी मेडिकल या इंजीनियरिंग कॉलेज में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अनुसूचित जाति (एससी) समुदायों से संबंधित हरियाणा के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में कॉलेज जाने वाली लड़कियों को स्कूटर देने का भी वादा किया।

महिलाओं पर ध्यान केंद्रित

घोषणापत्र जारी होने से पहले सैनी ने कहा कि संकल्प पत्र में युवाओं, गरीबों, किसानों और महिलाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। नड्डा ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में हरियाणा प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है। उन्होंने पिछली सरकारों के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार और घोटालों का जिक्र करते हुए कहा, आप स्पष्ट रूप से देख सकते हैं हरियाणा बदल गया है और अंतर स्पष्ट है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article