इलेक्शन

हरियाणा चुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए 40 और उम्मीदवार, पहली बार चुनावी मैदान में उतरे सुरजेवाला के बेटे आदित्य

सुरजेवाला के पुत्र पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सुरजेवाला कैथल से चुनाव हार गए थे। कांग्रेस ने हरियाणा के लिए अब तक कुल 81 उम्मीदवार घोषित किए हैं।

Image

हरियाणा चुनाव

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 40 और उम्मीदवार घोषित किए
  • पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के पुत्र आदित्य सुरजेवाला को कैथल से टिकट
  • कांग्रेस ने हरियाणा के लिए अब तक कुल 81 उम्मीदवार घोषित किए

Haryana Assembly Elections: कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 40 और उम्मीदवार घोषित किए। इनमें प्रमुख नाम पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के पुत्र आदित्य सुरजेवाला का है जिन्हें कैथल से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने हरियाणा के लिए अब तक कुल 81 उम्मीदवार घोषित किए हैं। इसने नौ सीटों पर अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, जबकि नामांकन की आखिरी तिथि 12 सितंबर है। इस बीच, पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने अब तक 70 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वैसे, कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से आप के साथ गठबंधन की संभावना को आधिकारिक रूप से खारिज नहीं किया गया है।

पहली बार मैदान में उतरे सुरजेवाले के पुत्र

सुरजेवाला के पुत्र पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सुरजेवाला कैथल से चुनाव हार गए थे। कांग्रेस ने पंचकूला से पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन, हिसार से रामनिवास रारा, बवानी खेड़ा से प्रदीप नरवाल, अंबाला शहर से निर्मल सिंह, ऐलनाबाद से भरत सिंह बेनीवाल और आदमपुर से चंद्र प्रकाश को उम्मीदवार बनाया है। फरीदाबाद से लखन कुमार सिंघला, बल्लभगढ़ से पराग शर्मा, फतेहाबाद से बलवान सिंह दौलतपुरिया और हथीन से मोहमद इसराइल को चुनावी मैदान में उतारा गया है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

जम्मू कश्मीर चुनाव के लिए 5 उम्मीदवार घोषित

वहीं, कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भी बुधवार को पांच और उम्मीदवार घोषित किए। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद को छंब विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस फारूक अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे के तहत नेशनल कॉन्फ्रेंस 51 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि कांग्रेस 32 सीट पर अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। एक-एक सीट माकपा और जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) को दी गई है।

कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने पांच सीट पर दोस्ताना मुकाबले का फैसला किया है। जम्मू-कश्मीर में चुनाव तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होगा और आठ अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article