गुजरात चुनाव में एक आईएएस अधिकारी को चुनावी ड्यूटी के बारे में सोशल मीडिया पर बताना भारी पड़ गया है। जैसे ही यह मामला चुनाव आयोग के संज्ञान में आया, उसने तत्काल प्रभाव से आईएएस को चुनावी ड्यूटी से हटा दिया है।
फोटो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने ड्यूटी से हटाया (फोटो- @abhishek_as_it_is)
क्या है मामला
दरअसल यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह को गुजरात चुनाव में ड्यूटी लगी थी। उन्हें ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। इसी को लेकर उन्होंने एक फोटो इंस्टाग्राम पर डाली थी, जिसमें उनकी गाड़ी पर ऑब्जर्वर का लगा बोर्ड दिख रहा था, साथ ही एक और फोटो में वो अपनी टीम के साथ थे। इसकी शिकायत जब चुनाव आयोग के पास पहुंची तो उसने इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दे दिया और अभिषेक सिंह के खिलाफ एक्शन ले लिया।
चुनाव आयोग ने क्या कहा
शुक्रवार को गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को कड़े शब्दों में लिखे पत्र में, चुनाव आयोग ने कहा कि 2011 बैच के अधिकारी ने एक सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में अपनी पोस्टिंग शेयर करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया और अपनी आधिकारिक स्थिति को "प्रचार स्टंट" के रूप में इस्तेमाल किया। सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया और अधिकारी को सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में उनके कर्तव्यों से तुरंत मुक्त कर दिया। उन्हें अगले आदेश तक किसी भी चुनाव संबंधी ड्यूटी से भी वंचित कर दिया गया है। अधिकारी को यह भी निर्देश दिया गया कि उन्हें जिस निर्वाचन क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई थी, उसे वो तुरंत छोड़ दें और अपने नोडल अधिकारी को रिपोर्ट करें।
सुविधाएं ली गईं वापस
सूत्रों की मानें तो आईएएस अभिषेक सिंह को दी गई सारी सुविधाएं भी चुनाव आयोग ने वापस लेने का निर्देश दिया है। अन्य आईएएस अधिकारी को उन विधानसभा सीटों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है जो अभिषेक सिंह संभाल रहे थे।
