इलेक्शन

गांधी परिवार ने आम आदमी पार्टी के लिए किया मतदान! राहुल ने मां सोनिया के साथ ली सेल्फी; कर दिया ये बड़ा दावा

Delhi: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके दोनों बच्चों ने दिल्ली में मतदान किया। यदि ये कहा जाए कि गांधी परिवार के सदस्यों ने आम आदमी पार्टी के वोट डाला तो गलत नहीं होगा। इसे लेकर प्रियंका की प्रतिक्रिया भी आई है। तो राहुल ने कहा है कि लोगों ने झूठ, नफरत और दुष्प्रचार को नकारा।

Image

वोट डालने के बाद राहुल ने सोनिया संग ली सेल्फी।

Photo : Twitter

Gandhi Family Vote for AAP: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके भांजे-भांजी ने दिल्ली में शनिवार को वोट डाला। अजब बात ये है कि इस बार गांधी परिवार के सदस्यों ने अपनी पार्टी नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के लिए मतदान किया है। जो इतिहास में पहली बार हुआ है। राहुल की बहन प्रियंका ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है।

कांग्रेस राहुल ने केजरीवाल की आप को दिया वोट

लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी द्वारा आप को वोट देने और अरविंद केजरीवाल को वोट देने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'हम अपने सारे गिले-शिकवे को एक तरफ रख रहे हैं और अपने संविधान और लोकतंत्र के लिए वोट डाल रहे हैं। मुझे इस बात पर गर्व है।'

जीजा और भांजे-भांजी के साथ नजर आए राहुल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपना वोट डाला। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने जीजा रॉबर्ट वाड्रा और उनके बच्चे रेहान राजीव वाड्रा और मिराया वाड्रा के साथ दिल्ली में एक मतदान केंद्र के बाहर अपनी बहन का इंतजार किया। जहां प्रियंका गांधी वाड्रा अपना वोट डाल रही थीं।

सोनिया गांधी संग राहुल गांधी ने क्लिक की सेल्फी

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान किया। वोट डालने के बाद मतदान केंद्र से निकलते समय राहुल ने अपनी मां सोनिया के साथ सेल्फी ली।

वोट डालने के बाद राहुल ने किया ये दावा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मतदान करने के बाद कहा कि देश की जनता ने इस लोकसभा चुनाव में झूठ, नफ़रत और दुष्प्रचार को नकार दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने नयी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में वोट डाला। मतदान के बाद अपनी मां सोनिया गांधी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'देशवासियों, पहले पांच चरणों के मतदान में आपने झूठ, नफ़रत और दुष्प्रचार को नकार कर अपने जीवन से जुड़े ज़मीनी मुद्दों को प्राथमिकता दी है।'

राहुल ने कहा, 'आज छठे चरण का मतदान है और आपका हर वोट सुनिश्चित करेगा कि युवाओं के लिए 30 लाख सरकारी पदों पर भर्ती और एक लाख रुपये प्रति साल की पहली नौकरी पक्की योजना शुरू हो जाए, गरीब परिवारों की महिलाओं के खातों में 8,500 रुपये महीना आने लगे, किसान कर्ज़ मुक्त हों और उन्हें फसल पर सही एमएसपी मिले, मजदूरों को 400 रुपये का दैनिक मेहनताना मिले।'

उन्होंने लोगों का आह्वान किया, 'आपका वोट आपके जीवन को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा भी करेगा। मां और मैंने लोकतंत्र के इस महापर्व में वोट डाल कर अपना योगदान दिया।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article