Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा की सभी 126 सीटों के 722 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला गुरुवार को EVM में कैद हो गया। इस दौरान, कार्बी आंगलोंग ज़िला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस वीडियो में कथिततौर पर एक पोलिंग स्टेशन के अंदर वोट डालने की प्रक्रिया दिखाई गई है।
कहां की है घटना?
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो कथित तौर पर दीफू विधानसभा क्षेत्र के एक पोलिंग स्टेशन के अंदर बनाया गया था। फिलहाल, इस मामले की जांच शुरू हो गई है। आपको बता दें कि पोलिंग स्टेशन के अंदर मोबाइल ले जाना निषेध है।
फोन जमा कराने की व्यवस्था
चुनाव आयोग ने वोटर्स के लिए पोलिंग स्टेशन में खास इंतजाम कराए हैं, जहां पर दाखिल होने से पहले मतदाता अपने फोन, बैग इत्यादि सामान जमा करा सकते हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि कार्बी आंगलोंग ज़िला प्रशासन के संज्ञान में एक घटना आई है, जिसमें सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है। इस वीडियो में कथित तौर पर एक पोलिंग स्टेशन के अंदर चुनाव प्रक्रिया दिखाई गई है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के अलग-अलग प्रावधानों के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है।
अधिकारी ने आगे बताया कि तथ्यों का पता लगाने और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनावी कानूनों के किसी भी उल्लंघन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वोटिंग के बीच मतदान अधिकारी की मौत
इसके अतिरिक्त, सोनितपुर जिले में विधानसभा चुनाव के बीच एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो (45) को नादुआर विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय मतदान अधिकारी के रूप में तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि मृत्यु के कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि चिकित्सकों को संदेह है कि किसी पुरानी बीमारी के कारण उनकी मौत हुई। सनद रहे कि 126 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। वहीं, 4 मई को मतगणना होगी।
