इलेक्शन

पांच राज्यों में बजा चुनावी बिगुल, EC ने किया तारीखों का ऐलान, जानें कब-कहां होगा मतदान

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Oct 9, 2023, 02:04 PM IST

Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है।

Image

पांच राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित हुए।

Election Assembly Election Dates in 5 States: देश के पांच बड़े सूबों में विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने आज सोमवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, पांच राज्यों में 7 नंवबर से मतदान शुरू होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि पांच राज्यों के 679 निवार्चन सीटों पर चुनाव होंगे। इन राज्यों में 16 करोड़ से ज्यादा वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 8.5 करोड़ पुरुष मतदाता और 7.8 करोड़ महिला मतदाता हैं। वहीं 60 लाख से ज्यादा वोटर पहली बार वोट करेंगे। पीवीटीजी आदिवासियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार पीवीटीजी 100 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन हुआ है।

सिर्फ छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, सिर्फ छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 7 नंवबर को मतदान होंगे तो वहीं दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। वहीं चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को जारी होंगे।

कब-कहां होंगे चुनाव

राज्य मतदान मतगणना
मिजोरम 7 नवंबर 3 दिसंबर
छत्तीसगढ़ 7 नंवबर व 17 नंवबर 3 दिसंबर
राजस्थान 23 नवंबर 3 दिसंबर
मध्य प्रदेश 17 नवंबर 3 दिसंबर
तेलंगाना 30 नवंबर 3 दिसंबर

कहां कितनी सीटों पर होगा चुनाव-

मध्य प्रदेश - 230

तेलंगाना - 119

मिजोरम- 40

राजस्थान- 200

छत्तीसगढ़- 90

किस राज्य में किसकी सरकार

मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर को खत्म होगा। इस पूर्वोत्तर राज्य में मिजो नेशनल फ्रंट सत्ता में है। तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल जनवरी में अलग-अलग तारीखों पर खत्म होगा। तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों के मतदाताओं विशेषकर युवाओं, महिलाओं एवं शहरी मतदाताओं का आह्वान किया कि वे मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article