इलेक्शन

कांग्रेस के 40 सीट भी जीतने पर संदेह- राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भड़की ममता बनर्जी, मुस्लिम वोट में सेंध का खतरा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 2, 2024, 10:53 PM IST

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते कांग्रेस को हिंदी भाषी राज्यों में भाजपा से मुकाबला करने की चुनौती दी। बनर्जी ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने की चुनौती दी।

Image

ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला

Photo : PTI

पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी एकदम भड़की दिख रही हैं। पहले ही इंडिया गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर चुकी ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर अबतक का सबसे बड़ा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें संदेह ही है कि कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में 40 सीट भी जीतेगी।

कांग्रेस को ममता दे रही थी सिर्फ 2 सीट

कोलकाता में एक धरने के दौरान बनर्जी ने दोहराया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन करने की इच्छुक थी, लेकिन उसने उनके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने कहा- "हम गठबंधन के लिए तैयार थे, उन्हें दो सीट की पेशकश की थी जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया। अब उन्हें सभी 42 सीट पर अकेले चुनाव लड़ने दें। तब से, हमारे बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।"

ममता ने दी कांग्रेस को चुनौती

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते कांग्रेस को हिंदी भाषी राज्यों में भाजपा से मुकाबला करने की चुनौती दी। बनर्जी ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने की चुनौती दी। उन्होंने कहा, "अगर आपमें हिम्मत है तो यूपी, बनारस, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भाजपा को हराएं। जब मणिपुर जल रहा था तो आप (कांग्रेस) कहां थे? हमने एक टीम भेजी थी।"

राहुल की यात्रा से भड़कीं

ममता बनर्जी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से भड़की हुईं दिखीं। कांग्रेस की यात्रा और "प्रवासी पक्षियों" के बीच तुलना करते हुए बनर्जी ने इस कार्यक्रम को "फोटो खिंचवाने के लिए महज तमाशा" करार दिया और कहा कि इसमें वास्तविक इरादे की कमी है।

मुस्लिम वोटों में सेंध की आशंका से भड़की ममता

सूत्रों के अनुसार, उत्तरी बंगाल के छह जिलों, विशेष रूप से उत्तर दिनाजपुर, मालदा और मुर्शिदाबाद, जो महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक आबादी और पारंपरिक रूप से कांग्रेस के समर्थन के लिए जाने जाते हैं, से कांग्रेस की यात्रा ने बनर्जी के रुख को जन्म दिया होगा। उन्हें मुस्लिम वोटों में सेंध लगता दिखा। ममता बनर्जी ने कहा-"मैंने प्रस्ताव दिया कि कांग्रेस 300 सीट पर चुनाव लड़े (देश भर में जहां भाजपा मुख्य विपक्ष है), लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान देने से इनकार कर दिया। अब वे मुस्लिम मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए राज्य में आए हैं। मुझे संदेह है कि यदि वे 300 सीट पर चुनाव लड़ते हैं, तो क्या वे 40 सीट भी जीत पाएंगे।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article