Maharashtra Election: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। 20 नवम्बर को मतदान होगा, जबकि 23 नवम्बर को परिमाणों की घोषणा होगी, लेकिन राज्य के सत्ता और विपक्ष के दोनों गठबंधनों- महायुति और महाविकस अघाड़ी में सीट बटवारे का फॉर्मूला अब तक तय नहीं हो पाया है। एवीएम में विवाद ज्यादा बढ़ता दिख रहा है, क्योंकि इसकी तीन पार्टियों के बीच अभी सीट का फैसला भी नहीं हुआ और अखिलेश यादव ने 12 सीटों पर दावा ठोक दिया है।
दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे पर फैसला नहीं
एक तरफ महायुति में सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में अमित शाह के साथ सीएम एकनाथ शिन्दे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फड़नवीस के साथ निर्णायक बैठक चल रही है, तो वहीं दूसरी तरफ महाविकास अघाड़ी (MVA) में सीट बंटवारे को लेकर एक तरफ उद्धव गुट से सांसद संजय राउत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया है।
अखिलेश ने कर दिया खेला
इन सबके बीच शुक्रवार को अपना शक्ति प्रदर्शन करने दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर पहुचे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी मालेगांव की सभा में पार्टी की तरफ से 4 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। अखिलेश ने जिन 4 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की, उनमें चारों मुस्लिम कैंडिडेट हैं। इससे पहले अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में उनकी पार्टी से 12 सीटों की मांग को जायज ठहराया था।
- शिवाजी नगर (गोवंडी) मुम्बई - अबू आजामी
- भिवंडी ईस्ट-रईस शैख़
- भिवंडी वेस्ट-रियाज़ आज़मी
- मालेगाव-सायने हिन्द निहाल अहमद
क्या समाजवादी पार्टी MVA से अलग होगी?
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बगावती तेवर देख महाविकस अघाड़ी में भी हलचल तेज़ हो गई। आलम यह है कि उद्धव गुट से सांसद संजय राउत ने कहा कि इस मुद्दे पर अखिलेश यादव से उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार रात फ़ोन पर बात की है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने अखिलेश के उम्मीदवारों के ऐलान पर कहा कि पार्टी आलाकमान जल्द अखिलेश यादव से चर्चा करेगी।
