Delhi Vidhan Sabha Chunav Result Date 2025, Delhi Assembly Election Ka Result Kab Aayega, दिल्ली विधानसभा चुनाव का रिजल्ट कब आएगा: दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के लिए पांच फरवरी को 60.44% मतदान हुआ। मतदाताओं ने 699 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत ईवीएम में बंद कर दी। दिल्ली में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जिसका समापन शाम छह बजे हुआ। अब सभी को चुनाव नतीजे का इंतजार है। इन सभी सीटों के चुनाव परिणाम आठ फरवरी यानी शनिवार को आएंगे। केंद्रों पर सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। सीटों पर पहले रुझान आएंगे और फिर यही रुझान नतीजों में तब्दील हो जाएंगे। दिल्ली में 1.56 करोड़ पात्र मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदान 66.25 प्रतिशत उत्तर-पूर्वी जिले में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान 56.16 प्रतिशत दक्षिण-पूर्वी जिले में हुआ।
मुस्तफाबाद में सबसे अधिक मतदान
विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से मुस्तफाबाद में सबसे अधिक 69 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि महरौली में सबसे कम 53.04 प्रतिशत वोट डाले गये।
ऐप पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, शाहदरा में 63.94 प्रतिशत, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 61.09 प्रतिशत, उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 60.70 प्रतिशत, उत्तरी दिल्ली में 59.55 प्रतिशत, मध्य दिल्ली जिले में 59.09 प्रतिशत और दक्षिण-पूर्व दिल्ली में 56.26 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्ली के 70 निर्वाचन क्षेत्रों में 699 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। 2020 के विधानसभा चुनाव में 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां 56 प्रतिशत मतदान हुआ था।
नई दिल्ली सबसे हाई प्रोफाइल सीट
इस बार सभी दलों के नामी-गिरामी चुनाव मैदान में हैं। नई दिल्ली सबसे हाई प्रोफाइल सीट है। इस सीट पर आम आदम पार्टी (AAP) के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उम्मीदवार हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। जबकि कालकाजी सीट से सीएम आतिशी प्रत्याशी हैं। आतिशी का सामना भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से है। पटपड़गंज सीट से आप के अवध ओझा का मुकाबला भाजपा के रवि नेगी से है।
पिछली बार के मुकाबले कम मतदान
दिल्ली में पिछली बार के मुकाबले इस बार मतदान कम हुआ है। 2020 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली में 62.60 प्रतिशत और 2015 में 67.47 फीसदी मतदान हुआ। आप अगर यह चुनाव जीतती है तो केजरीवाल चौथी बार सीएम बनेंगे। वहीं, भाजपा का दावा है कि इस बार चुनाव में उसकी जीत होगी और दिल्ली में उसकी सरकार बनेगी।
