इलेक्शन

आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले 8 विधायक BJP में शामिल, चुनाव में केजरीवाल को होगा कितना नुकसान?

इस्तीफा देने वाले विधायकों की आलोचना करते हुए आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा था कि पार्टी द्वारा कराए गए सर्वेक्षण से पता चला है कि ये सभी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जनता के लिए उपलब्ध नहीं थे और इसीलिए उन्हें चुनाव में टिकट नहीं दिया गया।

Image

AAP विधायक बीजेपी में शामिल

AAP MLA Joins BJP: शुक्रवार को आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले आठ निवर्तमान विधायक आज भाजपा में शामिल हो गए। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कई विधायकों ने इस्तीफा दे दिया। आम आदमी पार्टी के त्रिलोकपुरी से विधायक रोहित महरौलिया, कस्तूरबा नगर से विधायक मदन लाल, जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि, पालम से विधायक भावना गौड़, बिजवासन से विधायक भूपिंदर सिंह जून, आदर्श नगर से विधायक पवन शर्मा, महरौली से विधायक नरेश यादव और मादीपुर से गिरीश सोनी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी ने इस बार इन्हें टिकट नहीं दिया था जिसके चलते इन्होंने पार्टी छोड़ दी। इन्होंने अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए पार्टी से इस्तीफा दिया था।

ये विधायक बीजेपी में शामिल

1. महरौली से विधायक नरेश यादव

2. त्रिलोकपुरी से विधायक रोहित महरौलिया

3. पालम से विधायक भावना गौड़

4. जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि

5. कस्तूरबा नगर विधायक मदनलाल

6. बिजवासन से विधायक भूपिंदर सिंह जून

7. आदर्श नगर से विधायक पवन शर्मा

8. मादीपुर से विधायक गिरीश सोनी

राजेंद्र नगर से पूर्व विधायक विजेंदर गर्ग और वार्ड 137 पार्षद अजय राय भी बीजेपी में शामिल हुए हैं।

बीजेपी ने खेला बड़ा दांव

बीजेपी ने इन विधायकों को पार्टी में शामिल करके बड़ा दांव खेला है, लेकिन इसका चुनाव में उसे कितना फायदा होगा और केजरीवाल को कितना नुकसान होगा, इसका पता चुनाव नतीजे के बाद ही चलेगा। फिलहाल इन विधायकों का आप छोड़कर बीजेपी में चले जाना केजरीवाल के लिए झटका जरूर है। चुनाव प्रचार में बीजेपी इसका इस्तेमाल आप के खिलाफ करेगी और पार्टी के लिए इसका जवाब देना मुश्किल जरूर होगा। भले ही केजरीवाल को इसका बड़ा नुकसान ना हो, लेकिन उनकी और पार्टी की छवि के लिए ये नुकसानदेह जरूर होगा।

विधायक मदनलाल ने क्या-क्या कहा

कस्तूरबा नगर से मौजूदा विधायक मदन लाल ने कहा था कि उन्होंने और पार्टी के छह अन्य विधायकों ने आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मदन लाल ने कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल को भी भेज दिया है। इस्तीफा देने वाले आप विधायकों में भावना गौड़ (पालम), नरेश यादव (महरौली), रोहित मेहरौलिया (त्रिलोकपुरी) और पवन शर्मा (आदर्श नगर), बी एस जून (बिजवासन) और राजेश ऋषि (जनकपुरी) भी शामिल हैं।

वहीं, इस्तीफा देने वाले विधायकों की आलोचना करते हुए आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि पार्टी द्वारा कराए गए सर्वेक्षण से पता चला है कि ये सभी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जनता के लिए उपलब्ध नहीं थे और इसीलिए उन्हें चुनाव में टिकट नहीं दिया गया। गुप्ता ने कहा, हमने सर्वेक्षण के प्रतिकूल परिणामों के कारण उन्हें टिकट नहीं दिया। टिकट नहीं मिलने के बाद अब वे दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, यह कोई बड़ी बात नहीं है। यह राजनीति का हिस्सा है।

8 फरवरी को मतगणना

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही। कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह एक भी सीट जीतने में विफल रही है। इसके विपरीत, आप ने 2020 के विधानसभा चुनावों में 70 में से 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि भाजपा को केवल आठ सीटें मिलीं। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होना है और 8 फरवरी को मतगणना होगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article