Andhra CM Naidu: चुनावी गहमागहमी के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आम आदमी पार्टी संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया। सीएम नायडू ने कहा कि दिल्ली का मॉडल विफल हो गया है, दिल्ली में गरीब लोगों को सोचना होगा कि क्या वे झुग्गियों में स्थायी रूप से रहना चाहते हैं।
दिल्ली में हाफ इंजन सरकार, डबल इंजन की सरकार जरूरी
राजधानी में चुनाव से पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि दिल्ली में हाफ इंजन सरकार है, विकास के लिए डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म वास्तविकता हैं, समावेशी विकास के लिए इनका सम्मान जरूरी।
दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि लोग मौसम और राजनीतिक प्रदूषण के कारण दिल्ली में रहने को लेकर चिंतित हैं। राष्ट्रीय राजधानी में कोई विकास नहीं हुआ है। राजनेताओं को हमेशा आज, कल और भविष्य के बारे में सोचना होता है। अच्छी सार्वजनिक नीति वाली सरकार समाज को बदल सकती है।
दिल्ली के गरीब कब तक झुग्गियों में रहेंगे
आप सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में आधे इंजन वाली सरकार है और विकास हासिल करने के लिए डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत है। नायडू ने कहा, परफॉर्मेंस और बेहतर जीवन स्तर प्रासंगिक होते जा रहे हैं, विचारधारा नहीं। दिल्ली में गरीब लोगों को सोचना होगा कि क्या वे झुग्गियों में स्थायी रूप से रहना चाहते हैं।
केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए की सहयोगी पार्टी टीडीपी के सुप्रीमो नायडू ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी बजट 2025 का पूरा समर्थन करती है क्योंकि उसका लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना है। नायडू ने कहा, हम उनसे सहमत हैं। हम खुश हैं। यह विकास के हमारे 10 सिद्धांतों के अनुरूप है।
