इलेक्शन

Delhi Elections 2025: दिल्ली के लोगों को कांग्रेस ने दी 3 नई गारंटी; 500 रुपये में LPG सिलेंडर, मुफ्त राशन और बिजली का वादा

Delhi Assembly Election : दिल्ली विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर कांग्रेस ने आज 3 बड़ी गारंटियों का ऐलान किया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर वह 2025 में दिल्ली की सत्ता में आई तो जनता को महंगाई से मुक्ति दिलाने के लिए 500 रुपये में LPG सिलेंडर और मुफ्त राशन और बिजली मुफ्त देगी।

Image

कांग्रेस ने 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर, मुफ्त राशन और बिजली देने का किया वादा

Photo : ANI

Delhi Assembly Election 2025: कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर वह दिल्ली में सत्ता में आई तो राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों को 500 रुपये में एलपीजी (घरेलू रसोई गैस) सिलेंडर, मुफ्त राशन किट और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन और कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस अगर दिल्ली में सत्ता में आती है तो वह अपनी पांच गारंटी पूरी करेगी। कांग्रेस ने छह जनवरी को अपनी ‘प्यारी दीदी योजना’ की घोषणा की थी, जिसमें सत्ता में आने पर दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया।

पार्टी ने आठ जनवरी को अपनी ‘जीवन रक्षा योजना’ की भी घोषणा की थी जिसके तहत 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया गया था। पार्टी ने रविवार को दिल्ली में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को एक साल तक हर महीने 8500 रुपये देने का भी वादा किया। दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतों की गिनती 8 फरवरी को होगी।

रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी और केजरीवाल पर साधा निशाना

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनाइए। हम अपने वादे निभाकर दिखाएंगे। यह मैं इसलिए कह रहा हूं कि क्योंकि शीला दीक्षित जी ने 15 साल में दिल्ली में विकास करके दिखाया है। मोदी-केजरीवाल में कोई अंतर नहीं है, क्योंकि दोनों का काम सिर्फ झूठ बोलना है। दिल्ली की जनता ने मोदी और केजरीवाल को कई मौके दिए, लेकिन इन्होंने कोई काम नहीं किया। अगर दिल्ली के हालात सुधारने हैं तो बदलाव लाइए और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाइए।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना में वादा निभाया है, दिल्ली में भी निभाएंगे। तेलंगाना राज्य में किसानों का कर्ज बहुत बड़ा मुद्दा रहा, लेकिन हमने एक साल के अंदर 25 लाख से ज्यादा किसानों का 21000 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है। आजादी के बाद किसी राज्य सरकार ने इतनी बड़ी कर्जमाफी नहीं की, लेकिन हमने अपना वादा निभाया।

  • तेलंगाना में हमने 1 साल में 55,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां दीं
  • तेलंगाना में महिलाओं को फ्री बस की सुविधा है
  • लोगों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है
  • 200 यूनिट फ्री बिजली मिल रही है

हमने तेलंगाना में करके दिखाया है, इसलिए मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस जो कहती है, वो कर दिखाती है। कांग्रेस ने तेलंगाना में चुनाव के समय जनता से जो वादे किए थे हमने वो सभी पूरा करने की कोशिश की है। इसी तरह हमने दिल्ली की जनता से भी जो वादे किए हैं, वो पूरा कर दिखाएंगे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article