इलेक्शन

VIDEO: बीजेपी ने जारी किया केजरीवाल के घर का नया वीडियो, बताया अय्याशी का शीशमहल

Delhi Assembly Elections : दिल्ली विधानसभा चुनाव-2025 के लिए मतदान में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। इस बीच चुनावी लड़ाई में अरविंद केजरीवाल का घर एक बड़ा मुद्दा बन गया है। अब दिल्ली बीजेपी ने सीएम हाउस (शीशमहल) का एक वीडियो जारी किया है। जिसमें दिखाया है कि घर कितना आलीशान है। दिल्ली बीजेपी ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि 'महाठग अरविन्द केजरीवाल की अय्याशी का शीशमहल'

Image

BJP ने जारी किया केजरीवाल के घर का नया वीडियो

Photo : Twitter

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली भाजपा ने रविवार को आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने चर्चित आवास 'शीश महल' का एक वीडियो जारी किया। इसे पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। यह वीडियो 14 मिनट का है। दिल्ली बीजेपी ने इसे 'महाठग अरविंद केजरीवाल की अय्याशी का शीश महल' टाइटल दिया है। वीडियो में केजरीवाल के आवास के अंदर की सुख-सुविधाओं को दिखाया गया है। वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि केजरीवाल का घर एक आलीशान होटल जैसा दिखता है, जो अंदर से भी अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस है। भाजपा ने इसे 'शीश महल' का नाम दिया है, जो पहले डॉक्यूमेंट्री के रूप में सामने आया था। हालांकि, यह पहली बार है जब केजरीवाल के पुराने आवास का वीडियो सार्वजनिक किया गया है।

भाजपा ने सीएम आवास का दिया पूरा ब्योरा

भाजपा ने वीडियो में दिखाए गए कई महंगे और आलीशान सामानों की कीमतें भी सार्वजनिक की हैं। भाजपा ने दावा किया है कि केजरीवाल के आवास में स्मार्ट एलईडी टर्नटेबल लाइट्स की कीमत 19.5 लाख रुपये, बॉडी सेंसर और रिमोट वाले 80 पर्दों की कीमत चार करोड़ से 5.6 करोड़ रुपये के बीच है। इसके अलावा, 16 टेलीविजन सेट की कीमत 64 लाख रुपये, रिक्लाइनर सोफा की कीमत 10 लाख रुपये, ओवन की कीमत नौ लाख रुपये और माइक्रोवेव की कीमत छह लाख रुपये है। इसके अलावा, अन्य महंगे सामानों की भी कीमतें जारी की गई हैं, जिनमें सजावटी खंभे की कीमत 36 लाख रुपये, टॉयलेट सीट की कीमत 12 लाख रुपये और ऑटोमैटिक दरवाजे की कीमत 70 लाख रुपये बताई गई है।

भाजपा ने इससे पहले दावा किया था है कि मुख्यमंत्री के आवास में करोड़ों रुपये का मार्बल, चार-चार लाख रुपये के कमोड और आठ-आठ लाख रुपये के पर्दे लगाए गए हैं। भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास के रेनोवेशन के नाम पर कई करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही थी। उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी को नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को एक चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा बनवाए गए 'शीश महल' को जनता दर्शन के लिए खोलने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की जनता ने जिन्हें (अरविंद केजरीवाल) लगातार तीन बार अपना विधायक चुना और विधानसभा भेजा, वह इस 'शीश महल' को देखने की प्रबल इच्छा रखती है। जनता इसे देखकर यह समझना चाहती है कि जिस स्थान पर उनके द्वारा चुने गए प्रतिनिधि ने अपने कार्यकाल का समय बिताया, वह कैसा है।

प्रवेश वर्मा ने सीएम आतिशी ने निवेदन करते हुए कहा था कि इस 'शीश महल' को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक 'जनता दर्शन' के लिए खोला जाए, ताकि दिल्ली की जनता इसे नजदीक से देख सके। यह न केवल जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेगा, बल्कि सरकार और जनता के बीच पारदर्शिता और विश्वास को भी मजबूत करेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रूप से विचार करेंगी और शीघ्र निर्णय लेंगी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article