इलेक्शन

दिल्ली विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान, एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। रात साढ़े ग्यारह बजे निर्वाचन आयोग के मतदान ऐप पर अद्यतन किये गये आंकड़े से यह जानकारी सामने आयी है। सबसे अधिक मतदान 66.25 प्रतिशत उत्तर-पूर्वी जिले में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान 56.16 प्रतिशत दक्षिण-पूर्वी जिले में हुआ।

Image

दिल्ली विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान

Photo : ANI

Delhi Assembly Elections: दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। रात साढ़े ग्यारह बजे निर्वाचन आयोग के मतदान ऐप पर अद्यतन किये गये आंकड़े से यह जानकारी सामने आयी है। अंतिम मतदान प्रतिशत की घोषणा अभी बाकी है क्योंकि मतदान के आंकड़े को अब भी ऐप पर अद्यतन किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जिसका समापन शाम छह बजे हुआ। दिल्ली में 1.56 करोड़ पात्र मतदाता हैं। रात साढ़े ग्यारह बजे मतदान प्रतिशत 60.44 फीसदी बताया गया।

दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में दर्ज हुआ सबसे अधिक मतदान

सबसे अधिक मतदान 66.25 प्रतिशत उत्तर-पूर्वी जिले में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान 56.16 प्रतिशत दक्षिण-पूर्वी जिले में हुआ। विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से मुस्तफाबाद में सबसे अधिक 69 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि महरौली में सबसे कम 53.04 प्रतिशत वोट डाले गये। ऐप पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, शाहदरा में 63.94 प्रतिशत, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 61.09 प्रतिशत, उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 60.70 प्रतिशत, उत्तरी दिल्ली में 59.55 प्रतिशत, मध्य दिल्ली जिले में 59.09 प्रतिशत और दक्षिण-पूर्व दिल्ली में 56.26 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्ली के 70 निर्वाचन क्षेत्रों में 699 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। 2020 के विधानसभा चुनाव में 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां 56 प्रतिशत मतदान हुआ था।

अधिकांश एग्जिट पोल ने भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की

इस बीच, अधिकांश एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिल्ली में अगली सरकार बनाने के लिए तैयार है, आम आदमी पार्टी (आप) पीछे रह जाएगी और कांग्रेस विधानसभा चुनावों में अपना निराशाजनक प्रदर्शन जारी रखेगी। भाजपा की जीत के अंतर को लेकर एग्जिट पोल की भविष्यवाणियां अलग-अलग थीं। एक पोल ने भविष्यवाणी की कि भाजपा 70 विधानसभा सीटों में से 51-60 सीटें जीत सकती है, जबकि दो पोल ने आप की जीत का अनुमान लगाया है। बुधवार को मतदान समाप्त होने के बाद एग्जिट पोल जारी किए गए।

पी-एमएआरक्यू एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा 39-49 सीटें, आप 21-31 सीटें और कांग्रेस 0-1 सीट जीत सकती है। मैट्रिज के एग्जिट पोल ने भाजपा और आप के बीच कांटे की टक्कर की भविष्यवाणी की, जिसमें भाजपा को 35-40 सीटें और आप को 32-37 सीटें जीतने की उम्मीद पीपुल्स इनसाइट एग्जिट पोल के अनुसार, भाजपा 40-44 सीटों और आप 25- 29 सीटों पर विजयी हो सकती है। इसने कहा कि कांग्रेस 0-1 सीट जीत सकती है। जेवीसी के एग्जिट पोल ने भाजपा को 39-45 सीटें, आप को 22-31 और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। चाणक्य स्ट्रैटेजीज ने भाजपा को 39-44 सीटें, आप को 25-28 और कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। पोल डेयरी के एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की है कि भाजपा 42-50 सीटें, आप 18-25 और कांग्रेस 0-2 सीटें जीतेगी। वीप्रेसाइड एग्जिट पोल ने कहा कि आप 46-52 सीटें, भाजपा 18-23 और कांग्रेस 0-1 सीट जीत सकती है। दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनावों में आप का दबदबा रहा था। 2020 के विधानसभा चुनाव में उसने 70 में से 62 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने आठ सीटें जीतीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राष्ट्रीय राजधानी के सभी 11 जिलों में बुधवार शाम 06 बजे मतदान संपन्न हो गया।

रिश्वतखोरी और फर्जी मतदान समेत अनियमितताओं के कुछ आरोप लगे हैं, जिसमें आप और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शामिल है। आप ने दिल्ली पुलिस पर शकूर बस्ती के सैनिक विहार मतदान केंद्र पर मतदाताओं को मजबूर करने का आरोप लगाया और आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चुनाव को हाईजैक कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि मतदाताओं के वोट डालने के लिए लाइन में लगने के दौरान फर्जी मतदान की घटनाएं हुईं। आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच इस त्रिकोणीय मुकाबले के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे, जब वोटों की गिनती होगी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article