कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे ने गुजरात में एक चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी पर जमकर तंज कसा। इस दौरान उन्होंने अपना दर्द भी बयां किया। कांग्रेस के 70 साल के शासन का जवाब देते हुए मल्लिकाजुर्न खड़गे ने कहा कि अगर कांग्रेस नहीं होती तो देश में लोकतंत्र नहीं होता।
गुजरात में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'झूठों का सरदार' करार दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खुद को गरीब बताकर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश करते हैं और दावा करते हैं कि लोग उन्हें गाली देते हैं। गुजरात में आदिवासी बहुल नर्मदा जिले के देदियापाड़ा में एक जनसभा को संबोधित खड़गे ने कहा कि वह खुद गरीब से गरीब और अछूत जाति से आते हैं।
खड़गे ने कहा- "हमसे मोदी जी और शाह पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया, अरे भाई 70 साल में हम कुछ नहीं करते तो आप लोकतंत्र नहीं पाते। आपके जैसा आदमी जो हमेशा कहते हैं कि मैं गरीब हूं...हम भी गरीब हैं। हम तो गरीब से भी गरीब हैं। हम तो अछूतों में आते हैं। कम से कम तुम्हारी चाय तो कोई पीता है, मेरी चाय भी नहीं पीता कोई।"
#WATCH | Guj: Cong chief says,"...A person like you (PM Modi) claims to be poor. I'm (Kharge) one of the untouchabl… t.co/RLWiUlzuyZ
— ANI (@ANI) Nov 28, 2022
खड़गे ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी पीड़ित कार्ड खेलकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा- "फिर आप कहते हैं कि मैं गरीब हूं, किसी ने मुझे गाली दी, कुछ कहा, मेरी हैसियत पर सवाल उठाया। अगर आप ऐसी बातें कहकर हमदर्दी हासिल करना चाहते हैं, तो आपको समझना चाहिए कि लोग अब समझदार हैं।"
बता दें कि गुजरात में पहले चरण के लिए 1 दिसंबर को मतदान होना है। इस चुनाव में बीजेपी की सीधी लड़ाई कांग्रेस से है। हालांकि आप इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटी है।
