इलेक्शन

'महिलाओं को 3000 रुपये हर महीने, 25 लाख का स्वाथ्य बीमा...' महाराष्ट्र चुनाव से पहले MVA ने किया 5 गारंटी का ऐलान

Maharashtra Assembly Election:महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 5 गारंटी की घोषणा की है। पार्टी की ओर से महिलाओं को महालक्ष्मी योजना की सौगात देने का वादा किया है। इसके तहत हर महिला को 3000 रुपये प्रति माह और मुफ्त बस यात्रा का ऐलान किया गया है।

Image

महाराष्ट्र चुनाव के लिए MVA ने 5 गारंटी का किया ऐलान।

Photo : Twitter

Maharashtra Assembly Election: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को कुछ दिन ही बचे हैं। ऐसे में महाविकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र की जनता के लिए 5 गारंटियों का ऐलाान किया है। एमवीए ने महाराष्ट्र में महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता और फ्री बस सेवा, किसानों का लोन माफ, बेरोजगारों को आर्थिक सहायता, परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा का वादा किया है।

महाविकास अघाड़ी की ओर से महिलाओं को महालक्ष्मी योजना की सौगात देने का वादा किया है। इसके तहत हर महिला को 3000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इतना ही नहीं राज्य की हर महिला और छात्राओं को मुफ्त बस यात्रा का ऐलान किया गया है। इसके अलावा कांग्रेस ने किसानों को 3 लाख रुपये तक कर्ज माफी का चुनावी वादा भी किया है।

ये हैं MVA की पांच गारंटी

  1. महालक्ष्मी योजना: राज्य की हर महिला को 3000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता और पूरे महाराष्ट्र में सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा।
  2. कृषि समृद्धि योजना: किसानों को 3 लाख रुपये तक कृषि ऋण की माफी। नियमित ऋण चुकाने वाले किसानों को 50000 रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान।
  3. युवकांना शब्द: महाराष्ट्र के हर बेरोजगार युवा को 4000 रुपये प्रति माह का वादा।
  4. कुटुंब रक्षण योजना: महाराष्ट्र के सभी परिवारों को 25 लाख रुपये का स्वाथ्य बीमा। सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं मुफ्त।
  5. समानता हामी: जातिगत जनगणना कराने का वादा। 50 प्रतिशत आरक्षण सीमा को हटाने का वादा।

राहुल ने बोला BJP-RSS पर हमला

महाविकास अघाड़ी की तरफ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संकल्प पत्र जारी करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ बीजेपी और आरएसएस है। दूसरी तरफ INDIA गठबंधन है। एक तरफ आंबेडकर जी का संविधान है, जिसमें एकता, समानता, मोहब्बत और सम्मान है। दूसरी तरफ BJP-RSS के लोग हैं, जो संविधान को ख़त्म करना चाहते हैं। लेकिन ये बात वो सामने से नहीं कहते हैं, क्योंकि खुलकर बोलेंगे तो पूरा देश उनके सामने खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा, मोदी सरकार चुनाव आयोग पर दबाव डालती है और सीबीआई, ईडी और आईटी का इस्तेमाल कर सरकार गिराती है। पिछली महाराष्ट्र की सरकार आपकी सरकार थी, लेकिन उस सरकार को मोदी जी ने चोरी कर हटा दिया।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article