इलेक्शन

चुनाव से पहले अकाउंट हुआ फ्रीज तो मैदान में एक साथ उतरी कांग्रेस की 'त्रिमूर्ति', बोला मोदी सरकार पर हमला, लगाए गंभीर आरोप

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 21, 2024, 01:16 PM IST

Congress Account Freeze Case: सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद सोनिया गांधी और राहुल गांधी दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए

Photo : Twitter

Congress Account Freeze Case: लोकसभा चुनाव से पहले एकाउंट फ्रीज होने पर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के तीन शीर्ष नेताओं (अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी) ने एक साथ मोदी सरकार पर हमला बोला। तीनों नेताओं ने दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस किया और कहा कि आज देश में लोकतंत्र नहीं बचा है।

मोदी सरकार पर भड़की सोनिया गांधी

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज किए को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। सोनिया गांधी ने कहा- "प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। जनता से एकत्रित धन को रोका जा रहा है और हमारे खातों से जबरन पैसा छीना जा रहा है। हम सभी का मानना है कि यह अभूतपूर्व और अलोकतांत्रिक है।"

'14 लाख का मामला और जुर्माना 200 करोड़'

इसी प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते करीब एक महीने पहले फ्रीज कर दिए गए।कांग्रेस को देश की 20% जनता वोट देती है, लेकिन आज हम रेल टिकट नहीं खरीद सकते, हम विज्ञापन नहीं दे सकते। 14 लाख रुपए का मामला है और 200 करोड़ रुपए का जुर्माना लगा दिया गया है, जिसपर ज्यादा से ज्यादा 10 हजार का जुर्माना लग सकता है। ये कांग्रेस के खिलाफ आपराधिक साजिश है, जो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री कर रहे हैं। आज देश में लोकतंत्र नहीं बचा है।

rahul gandhi

राहुल गांधी का बयान

BJP का खतरनाक खेल- खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया और इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। खड़गे ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड से BJP ने हजारों करोड़ से ज्यादा अपने अकाउंट में भर लिए हैं। दूसरी तरफ साजिशन कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं। इसलिए कि हम पैसों के अभाव में बराबरी से चुनाव न लड़ पाएं। ये BJP का खतरनाक खेल है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article