इलेक्शन

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आप-कांग्रेस के बीच हुआ समझौता, दिल्ली में AAP-4, Congress-3 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 24, 2024, 12:50 PM IST

दिल्ली में इंडिया ब्लॉक में शामिल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के समझौते को शनिवार को अंतिम रूप दे दिया गया था। आज ऐलान हो गया।

Image

आप-कांग्रेस के बीच हुआ समझौता

Photo : ANI

AAP-Congress Seat Sharing: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर दिल्ली में कांग्रेस और आप के बीच सीटों पर समझौता को अंतिम रूप दे दिया गया है। आज एक साझा प्रेस कांफ्रेंस में आप-कांग्रेस नेताओं ने इसका ऐलान किया। दिल्ली में आप-4 जबकि कांग्रेस-3 सीटों पर चनाव लड़ेगी। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि दिल्ली लोकसभा में 7 सीटें हैं। AAP चार पर चुनाव लड़ेगी- नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली। वहीं, कांग्रेस 3 सीटों- चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर चुनाव लड़ेगी।

गुजरात सहित इन राज्यों में भी हुआ समझौता

इस प्रेस कांफ्रेंस में दिल्ली, गुजरात, गोवा, चंडीगढ़ और हरियाणा में भी गठबंधन का ऐलान किया गया। मुकुल वासनिक ने कहा- गोवा में यह तय हुआ कि कांग्रेस दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 9 पर चुनाव लड़ेगी। 1 सीट कुरुक्षेत्र पर आप का उम्मीदवार होगा। वहीं, गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 24 पर चुनाव लड़ेगी। 2 सीटों - भरूच और भावनगर पर आप के उम्मीदवार होंगे। चंडीगढ़ की सीट पर काफी लंबी चर्चा हुई और फैसला हुआ कि कांग्रेस इस सीट पर चुनाव लड़ेगी। गोवा में कांग्रेस दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पहले आप ने दिया था एक सीट का ऑफर

दिल्ली में इंडिया ब्लॉक में शामिल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के समझौते को शनिवार को अंतिम रूप दे दिया गया था। आज प्रेस कांफ्रेंस में इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई। इससे पहले AAP ने कांग्रेस को सात लोकसभा सीटों में से सिर्फ एक की पेशकश की थी, जिससे चर्चा में गतिरोध आ गया था। 2014 और 2019 में हुए पिछले दो लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 50 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर के साथ राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीटें जीती थीं।

आप का पंजाब में अकेले लड़ने का ऐलान

दोनों पार्टियों के बीच तालमेल तब बिगड़ गया था जब अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने घोषणा की कि आप पंजाब और चंडीगढ़ की सभी 14 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। आप ने असम में तीन और गुजरात में दो सीटों पर चुनाव लड़ने का एकतरफा फैसला भी सुनाया था। इस सप्ताह की शुरुआत में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में सीट-बंटवारे के समझौते को भी अंतिम रूप दिया है। कांग्रेस 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि बाकी 63 सीटों पर अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी और इंडिया ब्लॉक के अन्य गठबंधन सहयोगियों के उम्मीदवार होंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article