सैम पित्रोदा के बयान को सीएम योगी ने बताया शर्मनाक, कहा- देश से माफी मांगे कांग्रेस

बता दें कि नस्लीय टिप्पणी को लेकर पूरे देश में विवाद बढ़ने के बाद सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

CM Yogi on Sam Pitroda: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा पर उनकी विवादित नस्लीय टिप्पणी को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशाना साधा है। सीएम योगी ने पित्रोदा को निशाने पर लेते हुए कहा कि उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत और पश्चिमी भारत को रंग और चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। यह सचमुच कांग्रेस की खतरनाक मंशा को दिखाता है। यह अत्यंत शर्मनाक एवं निंदनीय बयान है, कांग्रेस को इसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

एएनआई से बात करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया और 1947 के विभाजन के लिए भी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। सीएम योगी ने कहा, सैम पित्रोदा कांग्रेस के 'बुद्धिदाता' हैं और वह पार्टी की फूट डालो और राज करो की नीति को प्रदर्शित कर रहे हैं। कांग्रेस 1947 के विभाजन के लिए जिम्मेदार है, वह विभाजन की भयावहता के लिए जिम्मेदार है। आजादी के बाद भी, इसने देश को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने का पाप किया है। सैम पित्रोदा की टिप्पणी बेहद निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी को उन बातों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए जो वह सैम पित्रोदा से कहलवा रही है।

End of Feed