CM Nitish Kumar Bihar Election Campaign: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Election 2025) को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार से अपने चुनावी प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अभियान का आगाज उन्होंने उत्तर बिहार के राजनीतिक रूप से अहम जिले मुजफ्फरपुर से किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मीनापुर पहुंचे, जहां मीनापुर हाई स्कूल मैदान में एक बड़ी चुनावी सभा का आयोजन हुआ। इस सभा में जदयू और एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के नेता और विधानसभा प्रत्याशी भी मौजूद रहे। सभा के दौरान नीतीश कुमार अपनी सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखा और आगामी चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन की अपील की। मीनापुर में सभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री कांटी गए, जहां उन्होंने दूसरी जनसभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में एनडीए के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मुजफ्फरपुर जनसभा के दौरान सीएम नीतीश कुमार (फोटो: एएनआई)
मुजफ्फरपुर की जनसभा में क्या कहा सीएम नीतीश कुमार ने?
मुजफ्फरपुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार पिछले 20 वर्षों से लगातार विकास कार्यों में लगी हुई है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि “हमारे शासन से पहले की स्थिति को याद कीजिए, उस समय शाम ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से डरते थे। समाज में तनाव और अशांति थी, शिक्षा की हालत खराब थी, सड़कों की कमी थी और बिजली बहुत सीमित घरों तक पहुंचती थी। लेकिन जब हमें अवसर मिला, तो हमने हर वर्ग और हर व्यक्ति के लिए काम किया। आज बिहार में न तो भय का माहौल है, न ही असुरक्षा की भावना, बल्कि राज्य में शांति, प्रेम और भाईचारे का वातावरण है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार ने रोजगार सृजन के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से 10 हजार रुपये की सहायता
सीएम ने बताया कि “हमने 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब तक लगभग 40 लाख लोगों को रोजगार और 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी का अवसर दिया जाए।” महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए नीतीश कुमार ने हाल ही में शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का भी जिक्र किया। इस योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अब तक 1 करोड़ 21 लाख महिलाओं को यह राशि मिल चुकी है, और शेष लाभार्थियों के लिए तिथि तय कर दी गई है। जिन महिलाओं का व्यवसाय सफल रहेगा, उन्हें आगे चलकर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद प्रदान की जाएगी।
24 अक्टूबर से बिहार चुनाव प्रचार में उतरेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
जेडीयू की ओर से मुजफ्फरपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत को एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि मीनापुर और कांटी उत्तर बिहार की राजनीति में अत्यंत महत्वपूर्ण सीटें हैं। इन दोनों जनसभाओं के साथ जेडीयू ने अपने राज्यव्यापी प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। आने वाले दिनों में पार्टी अपने प्रचार को सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया जैसे जिलों में भी विस्तार देगी, जहां बड़ी सभाओं का आयोजन होगा। पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, मंत्री विजय चौधरी, संजय झा और अशोक चौधरी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 24 अक्टूबर से बिहार चुनाव प्रचार में उतरेंगे। वे सबसे पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और फिर समस्तीपुर व बेगूसराय में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए एनडीए के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे।(इनपुट - आईएएनएस)
