पटना

Bihar Election: सासाराम के बाद मोतिहारी से आया RJD प्रत्याशी और पुलिस से जुड़ा मामला; उम्मीदवार के घर छिपा मिला मर्डर का आरोपी

सासाराम में सोमवार की दोपहर RJD प्रत्याशी की गिरफ्तारी हो गई अब इसके बाद पुलिस और RJD उम्मीदवार से जुड़ी एक और खबर आई है। पुलिस ने मोतिहारी में RJD प्रत्याशी के घर में छिपे एक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानते हैं क्या है मामला।

Image

RJD प्रत्याशी के घर छिपा मिला मर्डर का आरोपी (सांकेतिक तस्वीर|iStock)

Photo : iStock

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में RJD प्रत्याशियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को सासाराम से RJD प्रत्याशी की गिरफ्तारी के मामले से पार्टी अभी उबर भी नहीं पाई थी कि मोतिहारी पुलिस ने मोतिहारी विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी देवा गुप्ता के घर से हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सूचना पर की कार्रवाई

बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राजन कुमार की हत्या के मामले का आरोपी सुबोध यादव, राजद प्रत्याशी के घर में छिपा बैठा है। इस सूचना के बाद, पुलिस ने आज मंगलवार को देवा गुप्ता के घर छापा मारा और राजन हत्याकांड के आरोपी सुबोध यादव को धर दबोचा।

दो और मामले हैं दर्ज

पुलिस आरोपी सुबोध यादव से पूछताछ कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर इससे पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। RJD प्रत्याशी के घर से आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उनकी भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

जुलाई का है मामला

उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को ज्ञान बाबू चौक पर भाजपा नेता राजन कुमार की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में राजन के भाई ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच के दौरान पुलिस के समक्ष छह लोगों के नाम सामने आए थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कल सासाराम में हुई थी गिरफ्तारी

बता दें कि नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को सासाराम विधानसभा सीट से RJD प्रत्याशी सत्येंद्र साह को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। सासाराम जिला मुख्यालय में नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही RJD प्रत्याशी सत्येंद्र साह बाहर निकले, भारी पुलिस बल ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया गया कि सत्येंद्र साह करगहर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और उनकी गिरफ्तारी झारखंड के गढ़वा जिले के एक पुराने मामले में हुई है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2004 में गढ़वा में डकैती के एक मामले में गढ़वा न्यायालय ने उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article