CM Mamata Banerjee Rally Durgapur: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में रोडशो किया। इस दौरान लोगों ने सड़क के दोनों तरफ और बालकनी व छतों पर खड़े होकर टीएमसी प्रमुख का अभिवादन किया और मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। बनर्जी ने स्टील मार्केट से चलना शुरू किया और लगभग दो किलोमीटर दूर भिरिंगी मोड़ तक पहुंचीं। इस दौरान दुर्गापुर और आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों के टीएमसी उम्मीदवार उनके साथ थे।
'दीदी-दीदी' और 'जय बांग्ला' के नारों से गूंजा माहौल
पार्टी समर्थकों ने 'दीदी-दीदी' और 'जय बांग्ला' के नारों के बीच फूल बरसाकर व स्कार्फ पहनाकर बनर्जी का अभिवादन किया । रोडशो के दौरान पूरे मार्ग पर टीएमसी के झंडे दिख रहे थे। कई लोगों के हाथों में नीले और सफेद रंग के गुब्बारे थे। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
गाड़ी की जांच करने की कोशिश
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि जब वह दिन के समय कोलकाता हवाई अड्डे की ओर जा रही थीं, तब केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उनकी गाड़ी की जांच करने की कोशिश की। इससे पहले, मंगलवार को उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया था कि निर्वाचन आयोग ने उनके नेताओं के वाहनों की सघन तलाशी के निर्देश दिए थे। उत्तर दिनाजपुर जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने केंद्रीय मंत्रियों पर चुनाव वाले राज्य में 'पैसा लाने' और 'अपने पदों का दुरुपयोग करने’ का भी आरोप लगाया था। उन्होंने आगे कहा था कि, “जब मैं कोलकाता एयरपोर्ट जा रही थी, तब केंद्रीय बलों ने मेरी कार की जांच करने की कोशिश की। अगर हिम्मत है तो रोज मेरी गाड़ी की जांच करिए।”
कब होने पश्चिम बंगाल में चुनाव?
गौरतलब है कि, भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पिछले महीने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections 2026) के लिए अधिसूचना जारी कर दी थी। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। अधिसूचना के मुताबिक, दोनों चरणों में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। पहले फेज में 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में बाकी 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
