इलेक्शन

Chhattisgarh Naxalite Attack: छत्तीसगढ़ में नक्सली हमला, गरियाबंद में IED ब्लास्ट में ITBP का जवान शहीद

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 17, 2023, 06:37 PM IST

Chhattisgarh Naxalite Attack: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया, जिससे इस घटना में मतदान दल की सुरक्षा में लगे भारत तिब्बत सीमा पुलिस के प्रधान आरक्षक की मौत हो गयी।

Image

छत्तीसगढ़ में नक्सली हमला

Photo : ANI

Chhattisgarh Naxalite Attack: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के वोटिंग के दूसरे चरण के दिन नक्सलियों ने बड़ा आतंकी हमला किया है। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट करके पोलिंग पार्टी को निशाना बनाया, जिसमें ITBP का एक जवान शहीद हो गया।

प्रधान आरक्षक की मौत

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया, जिससे इस घटना में मतदान दल की सुरक्षा में लगे भारत तिब्बत सीमा पुलिस के प्रधान आरक्षक की मौत हो गयी। राज्य में दूसरे चरण के मतदान के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबल के जवानों को नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में तैनात किया गया है।

कब हुआ हमला

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेगोबरा मतदान केंद्र में दोपहर बाद तीन बजे मतदान समाप्त होने के बाद जब मतदान दल को मैनपुर थाना लाया जा रहा था, उसी दौरान मैनपुर से सात किलोमीटर पहले नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मतदान दल को बाहर निकाला गया। मतदान दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं तथा वह मैनपुर थाना पहुंच गए हैं।

दूसरे चरण का मतदान

अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के नौ मतदान केंद्रों कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़ेगोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सुबह सात बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान हुआ। अन्य मतदान केंद्रों पर मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक था। छत्तीसगढ़ के 70 विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को दूसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ। राज्य के कुल 90 में से 20 सीटों के लिए इस महीने की सात तारीख को मतदान हुआ था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article