इलेक्शन

Chhattisgarh Chunav: क्या बदल जाएगी दूसरे चरण के मतदान की तारीख? रमन सिंह ने उठाई मांग

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 18, 2023, 12:25 PM IST

Chhattisgarh Assembly Election 2023: रमन सिंह ने दूसरे चरण के मतदान की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि 'छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण (17 नवंबर) के निकट छठ पूजा का पर्व आने से बड़ी संख्या में मतदाता इस निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन पायेंगे।'

Image

दूसरे चरण के मतदान की तारीख को आगे बढ़ाने की मांग।

Chhattisgarh Chunav News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग से छठ पूजा त्योहार को देखते हुए 17 नवंबर को होने वाले, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की तारीख को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। सिंह ने कहा है कि त्योहार के कारण बड़ी संख्या में मतदाता मतदान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा तथा मतगणना तीन दिसंबर को होगी। छठ का त्योहार इस वर्ष 17 से 20 नवंबर तक मनाया जाना है।

निर्वाचन आयोग से रमन सिंह ने की ये मांग

रमन सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा है, 'छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण (17 नवंबर) के निकट छठ पूजा का पर्व आने से बड़ी संख्या में मतदाता इस निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन पायेंगे।' उन्होंने लिखा है, 'मैं भारत निर्वाचन आयोग से आग्रह करता हूं कि दूसरे चरण के मतदान को आगे बढ़ाने की कृपा करें, जिससे अधिक से अधिक संख्या में मतदाता इस चुनाव से जुड़कर अपने मताधिकार का उपयोग कर पाएं।'

दूसरे चरण में 70 सीटों पर होगा मतदान

राज्य के रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, जगदलपुर, कोरबा और अन्य शहरों में रहने वाले बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में प्रति वर्ष छठ पर्व भव्य तरीके से मनाते हैं। इससे पहले राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (आप) ने भी ऐसी ही मांग की थी। भाजपा ने विधायक रमन सिंह को उनकी पारंपरिक सीट राजनांदगांव से चुनाव मैदान में उतारा है। राज्य में पहले चरण में राजनांदगांव के साथ 19 अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। दूसरे चरण में अन्य 70 सीटों पर मतदान होगा।

वहीं रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "यहां भाजपा नहीं लड़ रही, यहां रमन सिंह लड़ रहे हैं। रमन सिंह की ही चली है, रमन सिंह की चलना मतलब पीछे अमन सिंह हैं। रमन सिंह PM मोदी के साथ हैं, बोले तो अडानी के साथ हैं और अडानी की नजर छत्तीसगढ़ के खदानों पर है।"

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article