Chattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई है और सभी राजनितिक पार्टियों ने अपने–अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सियासी घमासान चरम पर है। सीएम बघेल के सामने कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने की चुनौती है वहीं बीजेपी पिछले चुनाव में सत्ता गंवाने के बाद एक बार फिर सत्ता हासिल करना चाहती है। बाकी दल भी इन दोनों पार्टियों को चुनौती देने की कोशिश कर रह हैं। धरसींवा विधानसभा से जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अमित बघेल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। ये सीट हाई प्रोफाइल सीट मानी जाती है।
हाई प्रोफाइल सीट धरसींवा
धरसीवां विधानसभा सीट रायपुर जिले की हाई प्रोफाइल सीट मानी जा रही है। यहां कुल वोटरों की संख्या 209629 है। इनमें 105723 पुरुष और 103900 महिला मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या महज 6 है। अमित बघेल के मैदान में आने से कांग्रेस का समीकरण कमजोर दिख रहा है। अमित बघेल की पारिवारिक पृष्ठभूमि खूबचंद बघेल से जुड़ी हुई है जिन्हें छत्तीसगढ़ का स्वप्नदृष्टा कहा जाता है। धरसींवा क्षेत्र में इनका परिवार खेती किसानी के साथ राजनीति में भी खूब सक्रिय रहा है। खूबचंद बघेल इसी क्षेत्र से जननेता रहे हैं। अमित बघेल भी लंबे समय से छत्तीसगढ़ की बात उठाते हुए व्यापार, व्यवसाय और औद्योगिक गतिविधियों में संलग्न लोगों के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
कांग्रेस को चिंता में डाला
कांग्रेस की सरकार बनाने में अमित बघेल के योगदान को कांग्रेस भी मानती है। लेकिन आज कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री बघेल से वह बेहद असंतुष्ट चल रहे हैं और जोहार छ्त्तीसगढ़ पार्टी बनाकर एक अलग मोर्चा खोल रखा है। अमित बघेल बलौदाबाजार, रायपुर, महासमुन्द ,धमतरी ,दुर्ग और राजनांदगांव में कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कांग्रेस की राजनीति को वह बहुत हद तक ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावित कर सकते हैं । इनके पार्टी के उदय से और राजनीति में उतरने से कांग्रेस आलाकमान चिंता में हैं। छत्तीसगढ़ के लोग जो अलग अलग जातियों में बंटे हुए हैं उन्हें एक करने का काम अमित बघेल ने बूढ़ादेव यात्रा के माध्यम से किया है।
