West Bengal Assmebly Election 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जहां राज्य विधानसभा चुनावों के लिए बख्तरबंद वाहन तैनात किए हैं, वहीं एक वर्ष पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले को रोकने में वह विफल रही थी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फोटो साभार: @AITCofficial)
दक्षिण कोलकाता के रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा। ममता ने मोदी के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि कोलकाता और राज्य के अन्य हिस्सों में महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं, और इन आरोपों को "झूठ का पुलिंदा" बताया।
PM मोदी पर बरसीं ममता बनर्जी
उन्होंने कहा, "मोदी और शाह के निर्देश पर राज्य विधानसभा चुनाव के लिए बंगाल में दो लाख से अधिक केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है, साथ ही कश्मीर में सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले बख्तरबंद वाहन भी लाए गए हैं। क्या वे बताएंगे कि जब पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी पहलगाम में घुसकर 26 नागरिकों की हत्या कर रहे थे, तब ये वाहन और सुरक्षा कहां थे।" उन्होंने कैमैक स्ट्रीट क्षेत्र में आयोजित एक सभा में यह बात कही।
ममता दीदी ने EC को भी घेरा
बलों की तैनाती में पक्षपात का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान की निगरानी के लिए "एक दल के प्रति वफादार" पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, "चार मई के बाद ये अधिकारी संभवतः इस जिम्मेदारी में नहीं रहेंगे।"
ममता बनर्जी की महिलाओं से खास अपील
ममता ने महिला मतदाताओं से मतदान और मतगणना के दौरान सतर्क रहने की अपील की और हेरफेर की कोशिशों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "याद रखें, केंद्रीय बल भी निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत ही काम करेंगे। इसलिए मतदान के बाद दो दिनों तक अपने रसोई के काम का त्याग करना पड़े, तब भी मतदान केंद्रों और मतगणना केंद्रों पर कड़ी नजर रखें, ताकि मतदान मशीनों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके।"
उन्होंने क्षेत्र के पुरुषों से "भारतीय जनता पार्टी के जाल में न फंसने" की अपील करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान केंद्रों की निगरानी में महिलाओं को आगे रहना चाहिए और निर्वाचन आयोग तथा पुलिस को पूरा सहयोग देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि "बिहार और ओडिशा जैसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित पड़ोसी राज्यों से कोई भी बाहरी व्यक्ति 27 अप्रैल के बाद से मतदान के दिन तक किसी भी चुनावी विधानसभा क्षेत्र की सीमा में न ठहरे।" उन्होंने आरोप लगाया, "मेरी जानकारी के अनुसार, पुलिस और बलों की जांच के बावजूद कल ओडिशा से 300 करोड़ रुपये की राशि भवानीपुर पहुंची है।"
ममता बनर्जी ने किए चौंकाने वाले दावे
ममता ने दावा किया कि चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी कराने की निर्वाचन आयोग की योजना को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने स्पष्ट कर दिया है कि 30 मई तक कोई एहतियाती गिरफ्तारी नहीं होगी।
मानसतला क्षेत्र में एक अन्य सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि "भारतीय जनता पार्टी के एजेंट झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर लोगों को सांप्रदायिक ताकतों के पक्ष में वोट देने के लिए 5,000 रुपये बांटने की कोशिश कर सकते हैं।"
