Telangana Election: तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के लिए चुनाव प्रचार का शोर आज थम गया। तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग होगी, जिसकी तैयारियों में चुनाव आयोग जुटी है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने कहा कि चुनाव प्रचार खत्म हो गया है। भारत के चुनाव आयोग द्वारा कई प्रतिबंध लगाए गए हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस की रैली के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता
ये भी पढ़ें- चार राज्यों में PM Modi ने की करीब 40 सभाएं, सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश में, मिजोरम में एक भी नहीं
2.5 लाख से अधिक कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विकास राज ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए 2.5 लाख से अधिक कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात होंगे। सीईओ के अनुसार, पूरे राज्य में दंड प्रकिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
तीनों पार्टियों का जोर
भारत राष्ट्र समिति लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है। जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए जी जान लगा रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी सत्ता में आने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
तेलंगाना में कुल कितने उम्मीदवार
आगामी चुनाव में बीआरएस प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर), उनके पुत्र केटी रामा राव, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी और भाजपा के लोकसभा सदस्य बंदी संजय कुमार, डी. अरविंद और सोयम बापूराव समेत 2,290 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
बड़े नेताओं का प्रतिष्ठा दांव पर
केसीआर कामारेड्डी और गजवेल से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं रेवंत रेड्डी कोडंगल और कामारेड्डी से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने अपने विधायक एटाला राजेंद्र को हुजूराबाद के अलावा गजवेल से मैदान में उतारा है। वह हुजूराबाद से मौजूदा विधायक हैं।
