इलेक्शन

Exclusive:'विकास कार्यों पर लोग फिर लगाएंगे मुहर', विपक्ष-किसान आंदोलन पर क्या बोले बुलंदशहर के BJP सांसद डॉ. भोला सिंह

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 1, 2024, 12:11 PM IST

Bulandshahr Seat : बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह ने कहा कि किसान सम्मान निधि, कृषि उपकरणों में सब्सिडी, यूरिया और डाई पर सब्सिडी जैसे अनगिनत फैसले मोदी सरकार ने लिए हैं। 2014 के बाद किसानों का उत्पादन दोगुना हो गया है।

Image

बुलंदशहर के भाजपा सांसद डॉ. भोला सिंह।

Bulandshahr Seat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कार्यशैली पर लोगों को भरोसा है। विपक्ष कहीं नजर नहीं आ रहा। बीते 10 साल में बुलंदशहर का चौतरफा विकास हुआ है। लोकसभा चुनाव में इस बार भी बुलंदशहर की जनता भाजपा प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से जीताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद देगी। यह दावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद डॉक्टर भोला सिंह का है। टिकट बंटवारे से पहले टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के आलोक कुमार राव के साथ खास बातचीत में भाजपा सांसद अपनी जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त नजर आए और सांसद के रूप में फिर से चुने जाने की अपनी वजहें भी बताईं।

किसानों की सबसे बड़ी हितैषी मोदी सरकार

इस सवाल पर कि एमएसपी की कानूनी गारंटी दिए जाने को लेकर हरियाणा की सीमा पर पंजाब के किसान डटे हैं। प्रदर्शन हो रहे हैं। पश्चिमी यूपी भी किसान बाहुल्य क्षेत्र है। बुलंदशहर में भी किसानों की अच्छी-खासी आबादी है। इस प्रदर्शन का असर यहां के चुनाव पर पड़ सकता है। इस पर सांसद ने कहा कि किसानों की अगर सबसे बड़ी हितैषी अगर कोई सरकार है तो वह मोदी सरकार है। बीते 10 सालों में किसानों और कृषि के विकास के लिए जिस तरह के और जितने कल्याणकारी कदम मोदी सरकार ने उठाए उस तरह के फैसले 2014 से पहले किसी सरकार ने नहीं लिए।

किसानों के हित में काम करने का दावा

सांसद ने किसानों के हित में मोदी सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की पूरी फेहरिस्त गिना डाली। डॉ. भोला सिंह ने कहा कि किसान सम्मान निधि, कृषि उपकरणों में सब्सिडी, यूरिया और डाई पर सब्सिडी जैसे अनगिनत फैसले मोदी सरकार ने लिए हैं। 2014 के बाद किसानों का उत्पादन दोगुना हो गया है। किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने तर्क दिया कि यूपीए के कार्यकाल में यूरिया प्रति बोरी 1700 रुपए और डाई प्रति बोरी 3400 रुपए की बिकती थी। उस समय इसकी कालाबाजारी होती थी लेकिन मोदी सरकार यूरिया और डाई सब्सिडी रेट पर 270 रुपए और 1360 रुपए में उपलब्ध करा रही है।

graphics

graphics

'सपा इस बार मैनपुरी सीट भी नहीं बचा पाएगी'

'इंडी' गठबंधन खासकर यूपी में कांग्रेस और सपा के बीच हुआ गठबंधन भाजपा और एनडीए के लिए कितना चुनौती पेश करने जा रहा है। इस सवाल पर सांसद ने कहा कि इस तरह का गठबंधन 2017 और फिर 2019 में हुआ था। इन गठबंधनों का हश्र क्या हुआ, यह सभी के सामने है। पिछले लोकसभा बसपा और सपा साथ मिलकर लड़ा लेकिन एक एक परिवार के लोग बदायूं, कन्नौज और फिरोजाबाद हार गए। इस बार कांग्रेस के साथ गठबंधन हुआ है। पिछले चुनाव में सोनिया गांधी किसी तरह से रायबरेली की सीट बचाने में कामयाब हो गईं। राहुल गांधी अमेठी हार गए और वायनाड चले गए। कांग्रेस की हताशा तो इस बात से झलकती है कि उसने इस बार सोनिया गांधी को राज्यसभा भेजकर रायबरेली सीट भी खाली कर दी है। सपा तो इस बार मैनपुरी सीट भी नहीं बचा पाएगी।

जनता इस बार आपको क्यों चुने?

यह पूछने पर कि बुलंदशहर की जनता इस बार उन्हें क्यों चुने? इसका जवाब देते हुए डॉ. भोला सिंह ने कहा कि बीते 10 वर्षों में बुलंदशहर में हुए कामकाज से लोग खुश हैं। 2014 से पहले यहां के हालात क्या थे, वे भूले नहीं हैं। केंद्र में यूपीए के शासन की बदहाली और राज्य में बसपा और फिर सपा का कुशासन इन्हें अच्छी तरह याद है। सांसद ने बताया कि 2017 से पहले गन्ना किसानों का समय से भगुतान नहीं होता था, उन्हें पर्ची, पेमेंट और घटतौली को लेकर शिकायत रहती थी। मायावती के कार्यकाल में यहां की एक चीनी मिल बंद कर दी गई। इसके बाद अखिलेश सत्ता में आए तो मिल चालू कराने के लिए कुछ नहीं किया। फिर योगी सरकार ने मिल चालू कराया। इस समय बुलंदशहर में छह चीनी मिलें चल रही हैं और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान हो रहा है।

BJP

BJP

सांसद ने अपने 10 साल की उपलब्धियां गिनाईं

10 साल की अपनी उपलब्धियों के सवाल पर डॉ. भोला सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल में बुलंदशहर में मेडिकल कॉलेज, पासपोर्ट कार्यालय और केंद्रीय विद्यालय बने। मेरठ से लेकर गाजियाबाद तक कनेक्टिविटी बढ़ी है। फाइबर केबल के जरिए गांवों तक इंटरनेट पहुंच रहा है। बुलंदशहर के घरों में अब पाइप से घरेलू गैस पहुंच रही है। सुदूर गांवों तक विद्युतीकरण हो चुका है। बुलंदशहर में हम एयरपोर्ट चाहते हैं इसके लिए कोशिश जारी है। इसके अलावा बुलंदशहर को रीजनल रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम (आरआरटीएस) से जोड़ने की है। सांसद ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि बुलंदशहर की जनता उन्हें एक बार फिर रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएगी और वह जीत की हैट्रिक लगाएंगे।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article