इलेक्शन

केजरीवाल और राम रहीम को जेल से बाहर लाने में BJP का हाथ, सोनिया गांधी के दामाद ने लगाया आरोप

Robert Vadra Made Big Allegation against BJP: सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी पर बेहद संजीदा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि हरियाणा चुनाव से पहले राम रहीम और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल से बाहर लाने में भाजपा का हाथ है।

Image

रॉबर्ट वाड्रा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप।

Haryana Assembly Elections: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए जेल से बाहर लाने के पीछे भाजपा का हाथ है और इसका उद्देश्य कांग्रेस की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाना है।

राम रहीम के पैरोल को लेकर भाजपा पर आरोप

रॉबर्ट वाड्रा ने उनके नाम का कथित तौर पर 'अपमानजनक तरीके से' इस्तेमाल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'जब चुनाव से पहले वे बाबा राम रहीम को 20 दिन के लिए रिहा करते हैं, जिस पर हत्या, बलात्कार के आरोप हैं और आप (भाजपा) उन्हें प्रचार करने के लिए रिहा करते हैं... मैं कहूंगा कि केजरीवाल जी को भी ठीक इसी समय जेल से बाहर लाया जाता है ताकि वे हरियाणा में प्रचार कर सकें, मुझे लगता है कि ये भाजपा की पूर्वनियोजित योजना है।'

उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि ये लोग हरियाणा में कांग्रेस की जीत की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने सोमवार को कहा था कि हरियाणा सरकार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख सिंह की पैरोल पर विचार कर सकती है, बशर्ते उनकी पैरोल याचिका में उल्लेखित तथ्य सत्य हों तथा चुनाव के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के संबंध में अन्य शर्तें पूरी होती हों।

केजरीवाल की जमानत पर वाड्रा ने उठाए सवाल

राम रहीम ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले 20 दिन की पैरोल मांगी है। इसके अलावा आबकारी नीति मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा केजरीवाल पूरे हरियाणा में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पेशे से व्यवसायी वाड्रा ने कहा कि उन्हें लगता था कि जिस कंपनी के साथ वह काम कर रहे हैं, वह हरियाणा में नौकरियां मुहैया करा सकती थी।

उन्होंने कहा, 'मैं हरियाणा में रोजगार दे सकता था लेकिन इस (भाजपा) सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि मेरे सभी सहयोगी भयभीत थे और वे चले जाएं। मेरे लिए काम करना मुश्किल हो गया, आर्थिक रूप से उन्होंने मुझे नष्ट करने की कोशिश की।' वाड्रा ने विश्वास जताया कि हरियाणा में लोग कांग्रेस को वोट देंगे और उसे चुनाव में 'भारी बहुमत' मिलेगा। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article